सीकर दुल्हन का अपहरण बचाने के लिए बरसती गोलियों के बीच कार दौड़ाता रहा चालक रोहिताश
सीकर। अप्रेल 2019 को राजस्थान के सीकर में विदाई के बाद ससुराल लौट रही दुल्हन हंसा का रास्ते में अपहरण हो गया था। ठीक उसी तर्ज पर अब दिसम्बर 2020 में सीकर में ही एक और दुल्हन का अपहरण हो सकता था, अगर कार चालक हिम्मत नहीं दिखाता और बरसती गोलियों के बीच जान की परवाह किए बगैर कार दौड़ाता रहा। दुल्हन पर फायरिंग व अपहरण के प्रयास के मुख्य आरोपी समेत दो युवकों को सीकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है सीकर दुल्हन फायरिंग केस ?
-11 दिसम्बर को राजस्थान के झुंझुनूं जिले गांव चक जोधपुरा की ढाणी नोनाला के बबलू और संजू सैनी की बारात सीकर जिले के पाटन पुलिस थाना इलाके के गांव हेमराजपुरा में आई थी। यहां निशा व उसकी छोटी बहन कोमल से उनकी शादी हुई।
-12 दिसम्बर को 11 बजे दूल्हा दुल्हन की विदाई हुई थी। दूल्हा दुल्हन व उनके परिजन तीन गाड़ियों में सवार होकर अपने गांव चक जोधपुरा के लिए रवाना हुए। दुल्हनों के विदाई के वक्त तक सब कुछ सामान्य था।
-विदाई के बाद कार पाटन कस्बे के पास अजीर की घाटी के नजदीक पहुंची तब अचानक बाइक सवार आरोपी इंद्राज गुर्जर व उनके साथियों ने कार में सवार दूल्हा दुल्हन पर फायरिंग शुरू कर दी।

सीकर दुल्हन फायरिंग केस में चालक ने कैसे दिखाई हिम्मत ?
पाटन थाना इलाके में अजीर की घाटी के पास बदमाशों ने चलती कार पर फायरिंग की। छर्रे कार में सवार दूल्हा संजू व दुल्हन कोमल के लगे। यह देख चालक रोहिताश ने गजब की हिम्मत दिखाई। काफी देर से बदमाश कार का पीछा कर रहे थे और फिर अजीर की घाटी में कार के पास आकर फायर करने पर रोहिताश ने गाड़ी रोकने की बजाय की उसकी स्पीड बढ़ा दी। सात किलोमीटर दूर स्थित नीमकाथाना सीओ कार्यालय में आकर रोकी।

आरोपी के पैर में लगी गोली
अजीर की घाटी के पास दुल्हन का अपहरण प्रयास करने वाले बदमाश सीओ कार्यालय तक गाड़ी का पीछा करते हुए आ गए। यहां आकर भी आरोपियों ने फायर किया। वहां मौजूद सीओ सांवरमल नागौर ने आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके पीछे पुलिस की टीम लगा दी, जिसकी पाटन के बाराधूणी इलाके में पुलिस व आरोपियों के बीच मुठभेड़ भी हुई। इस दौरान मुख्य आरोपी इंद्राज गुर्जर के पैर में गोली लगी। उसे जयपुर रैफर करना पड़ा है।

सीकर फायरिंग में दूल्हा दुल्हन को क्या हुआ ?
अजीर की घाटी के पास कार में सवार दूल्हा दुल्हन पर देसी कटटे से फायरिंग हुई। दो राउंड गोलियां चलने से गाड़ी के शीशे टूट गए और दूल्हे संजू व दुल्हन कोमल के चेहरे पर छर्रे लगे। दोनों तुरंत नीमकाथाना के कपिल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से दुल्हन को जयपुर रैफर किया गया है।

सीकर में दूल्हा दुल्हन पर गोलियां क्यों चली ?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मामला प्रेम प्रसंग का है। आरोपी इंद्राज सिंह गुर्जर पूर्व में इस परिवार को धमका चुका है। दरअसल, इंद्राज सिंह गुर्जर दुल्हन कोमल की बड़ी निशा को चाहता था। वह शादी के बाद दुल्हन निशा का बीच रास्ते से अपहरण करना चाहता था। इस संबंध में पुलिस थाने में सूचना भी दी गई थी। ऐसे में पीड़ित पक्ष के लोगों ने दूल्हा दुल्हन पर फायरिंग के बाद पाटन थानाधिकारी नरेंद्र भडाना को निलंबित करने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications