राजस्थान में अज्ञात बीमारी का खौफ : नाक से खून, शरीर में अकड़न और 5 दिन में 7 बच्चों की मौत
सिरोही, 14 अप्रैल। राजस्थान के सिरोही जिले के सरूपगंज में अज्ञात बीमारी बच्चों की जान ले रही है। यहां पर महज पांच दिन में सात बच्चों की मौत हो गई। तीन बच्चे तो गांव फूलाबाई के एक ही परिवार से थे।

नाक से भी खून बहने की शिकायत हुई
बता दें कि फूलाबाई खेड़ा गांव के राजेश (12), संतोष (15) और विपुल (10) को नाक से भी खून बहने की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर तीनों बच्चों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। यहां से उन्हें गुजरात रेफर करना पड़ा।

तीनों बच्चों की बुधवार को मौत हो गई
गुजरात के अहमदाबाद में इलाज के दौरान तीनों बच्चों की बुधवार को मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचे तो पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों की अचानक मौत का खौफ सभी ग्रामीणों के चेहरे पर साफ नजर आ रहा है।

चार बच्चों की मौत की प्रशासन ने पुष्टि नहीं की
मीडिया से बातचीत में पंचदेवल सरपंच विपेश गरासिया ने बताया कि 9 अप्रैल को प्रकाश (5) पुत्र आसाराम गरासिया निवासी फूलाबाई खेड़ा और 10 अप्रेल को गणेश पुत्र भुराजी भील निवासी वेराफली फूलाबाई खेड़ा, कुसिया (2) पुत्र रूपा भील निवासी वेराफली फूलाबाई खेड़ा और लाखा (7) पुत्र रूपा भील की भी अज्ञात बीमारी से मौत हो गई थी। वहीं एक बच्चे रूपाराम (6) पुत्र अणदाजी का आबूरोड़ में उपचार चल रहा है। हालांकि इन चार बच्चों की मौत की प्रशासन ने पुष्टि नहीं की है।

मेडिकल टीम का गठन कर गांव में भेजी
सिरोही कलेक्टर भंवरलाल चौधरी ने बताया कि बच्चों की जानकारी सामने आने के बाद मेडिकल टीम का गठन कर गांव में भेजी है। टीम इस बीमारी का पता लगा रही हैं। गांव के दूसरे बच्चों का भी सर्वे किया जा रहा है। अभी तक कोई बीमारी सामने नहीं आई है। बुधवार को जिन बच्चों की मौत हुई है। उन्हें खून की उल्टी हुई थी। इनके अलग-अलग लक्षण हैं।












Click it and Unblock the Notifications