राजस्थान में सब-इंस्पेक्टर भर्ती फर्जीवाड़े में पकड़ा SDM हनुमान राम, डमी कैंडिडेट बनकर दी थी परीक्षा
SDM Hanuman Ram: राजस्थान में सब-इंस्पेक्टर भर्ती फर्जीवाड़े में पहली बार किसी SDM की गिरफ्तारी हुई है। SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) ने जैसलमेर के फतेहगढ़ के SDM हनुमान राम विरड़ा को हिरासत में लिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक उम्मीदवार की जगह खुद परीक्षा देकर सरकारी भर्ती प्रक्रिया में धोखाधड़ी की।
हनुमान राम ने SI भर्ती परीक्षा में नरपतराम नामक व्यक्ति की जगह डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा दी थी। इस खुलासे के बाद SOG ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले जोधपुर पुलिस ने नरपतराम और उसकी पत्नी इंद्रा को पकड़ा था, जिन्होंने पूछताछ में SDM हनुमान राम का नाम लिया था।

RAS में टॉप, लेकिन फर्जीवाड़े में गिरफ़्तारी
हनुमान राम बाड़मेर के बिसारणिया गांव के रहने वाले हैं और उन्होंने 2021 की RAS परीक्षा में 22वीं रैंक हासिल की थी। फरवरी 2025 में वे जैसलमेर के फतेहगढ़ SDM के पद पर नियुक्त हुए थे। इससे पहले उनकी पोस्टिंग चितलवाना, बागोड़ा और शिव में हो चुकी थी।
SI भर्ती में बड़ा खुलासा: कैसे हुआ फर्जीवाड़ा?
SOG को इस घोटाले की जानकारी हरखू जाट नाम की अभ्यर्थी से मिली, जो SI परीक्षा पास कर चुकी थी। हरखू ने बताया कि वह खुद पढ़ाई में कमजोर थी, इसलिए उसने इंद्रा नामक युवती से परीक्षा दिलवाने की साजिश रची। इंद्रा ने परीक्षा दी और हरखू चयनित हो गई।
हरखू की पहचान होने के बाद मामला सामने आया। जांच में पता चला कि इंद्रा और उसके पति नरपतराम ने इस काम के लिए 15 लाख रुपए लिए थे। इस मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए SOG ने SDM हनुमान राम तक पहुंच बनाई।
SI भर्ती 2021 के आंकड़े
- कुल पद: 859
- आवेदन: 7.97 लाख
- लिखित परीक्षा: 13-15 सितंबर 2021
- शामिल उम्मीदवार: 3.8 लाख
- फिजिकल टेस्ट के लिए चयनित: 20,359
- इंटरव्यू के लिए बुलाए गए: 3,291
- फाइनल रिजल्ट: 1 जून 2023
पेपर लीक की जड़ें: कहां से शुरू हुआ घोटाला?
SI परीक्षा 2021 का पेपर जयपुर के शांति नगर स्थित एक स्कूल से लीक हुआ था। स्कूल के प्रिंसिपल राजेश खंडेलवाल ने 10 लाख रुपए के बदले पेपर लीक किया था। इसमें ग्रेड थर्ड टीचर राजेंद्र यादव, विवेक उर्फ यूनिक समेत कई लोग शामिल थे। फोटो खींचकर वाट्सऐप से पेपर भेजा गया था। नई सरकार बनने के बाद SIT बनाई गई थी और मार्च 2024 से इस मामले में गिरफ्तारी का सिलसिला शुरू हुआ।












Click it and Unblock the Notifications