कौन था राजस्थान का सतीश कुमार, जिसका चीन में अपहरण के बाद चौथी मंजिल से फेंककर हुआ मर्डर
Satish Kumar Rajasthan Murder in China: चीन से राजस्थान के लिए दुखभरी खबर सामने आई है। राजस्थान के जालोर जिले के भीनमाल के रहने वाले सतीश माली की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई।
चीन में सतीश को चौथी मंजिल से नीचे फेंककर मारा गया है। वीजा की दिक्कतों के चलते परिवार सतीश का शव अभी तक घर नहीं ला सका है। उसके लिए प्रयास कर रहा है।

वन इंडिया हिंदी से बातचीत में जालोर से भाजपा सांसद लुंबाराम चौधरी ने बताया कि हमारे क्षेत्र के सतीश कुमार की चीन में हत्या का मामला मेरी जानकारी में है। गुरुवार को परिजन मेरे से मिले भी थे।
सांसद लुंबाराम चौधरी कहते हैं कि सतीश कुमार का चेचरा भाई दिनेश व एक अन्य दिल्ली आए थे। विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत करवाया है। विदेश मंत्रालय व चीन में स्थित भारतीय दूतावास सतीश के शव को भारत लाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

जालोर सांसद लुंबाराम चौधरी के प्रयासों पर विदेश मंत्रालय ने चीन में मौजूद भारतीय चेतन सिंह मुकन सिंह राठौड़ को इस मामले में नियुक्त किया है। ताकि सतीश का शव जितना जल्दी हो सके, भारत लाया जा सके।
सांसद के अनुसार 24 वर्षीय सतीश कुमार जालोर के भीनमाल में भागल मार्ग भीम जी बेरा निवासी नरसाराम का सबसे छोटा बेटा है। इनका परिवार बीपीएल में है। सतीश दो साल पहले चीन के गुआंगजो शहर गया था। वहां के व्यापारी वाइजन व केविन के साथ मिलकर वह सस्ती रेट पर मोबाइल के पार्ट्स खरीदता और महीने में एक बार भारत आकर बेच देता था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बिजनेस पार्टनर केविन के साथ सतीश कुमार का विवाद हो गया था। फिर सतीश कुमार के अपहरण व वॉट्सऐप कॉल करके परिजनों से एक करोड़ मांगने और फिर चौथी मंजिल से नीचे फेंककर उसकी हत्या कर देने के मामले में परिजनों ने बिजनेस पार्टनर केविन पर शक जताया है।
परिजनों के अनुसार सतीश का 21 जून को अपहरण हुआ। परिजनों ने पैसों की व्यवस्था करने के लिए कुछ समय मांगा था, मगर 26 जून को जानकारी मिली कि सतीश की चीन में हत्या कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications