राजस्थान में टिकट बंटवारे का क्या होगा आधार, खुद सचिन पायलट ने बताया
राजस्थान में चुनावी बिगुल फुक चुका है। यहां सभी दलों ने अपनी तैयारी तेज कर ली है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने टिकटों के बंटवारे को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जीतने वाले प्रत्याशियों को ही आने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट दिया जाएगा।
बता दें कि सचिन पायलट टोंक विधानसभा सीट से विधायक है। पायलट ने कहा कि टिकट देते वक्त पार्टी युवाओं, अल्पसंख्यकों, अनुसूचित जाति के सदस्यों, पिछड़ा वर्ग के सदस्यों से लेकर हर वर्ग के लोगों को टिकट देगी। लेकिन इन सबके बीच चुनाव में जीतने वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी।

पायलट ने कहा कि हमारे यहां टिकट वितरण प्रणाली स्पष्ट है। हमारे पर्यवेक्षक, प्रभारी, सह प्रभारी ज़िलों में घूम रहे हैं और रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। पार्टी जीतने वाले व्यक्ति को अपना उम्मीदवार बनाएगी।
पायलट ने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि जो सरकार दिल्ली में पूर्ण बहुमत के साथ है और जिनके 25 सांसद राजस्थान से हैं वे अपने आप को अधर में पा रहे हैं। वे निर्णय नहीं कर पा रहे हैं कि किस दिशा में जाना है।
वे प्रदेश की जनता को स्पष्ट नहीं बता पा रहे कि वे क्या करेंगे और ना ही नेतृत्व तय कर पा रहे हैं। उनके आपसी विवाद और तनाव जनता तक पहुंच रहे हैं। पायलट ने कहा कि इस बार टिकटों के बंटवारे के दौरान मेरिट को ही स्पष्ट तौर पर आधार रखा जाएगा। सभी मतभेदों को भुलाकर जमीन से जुड़े नेताओं को टिकट दिया जाएगा।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से अपने कार्यकर्ताओं के दम पर राजस्थान में सत्ता में लौटेगी। हमारे कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी धरोहर हैं। जिस भी उम्मीदवार को टिकट दिया जाएगा उसकी योग्यता को सबसे पहले देखा जाएगा, इसके बाद हमे पूरा भरोसा है कि उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications