Rajasthan Accident: भीलवाड़ा-कोटा राजमार्ग पर भीषण हादसा, 3 टैंकरों में टक्कर के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में शुक्रवार की सुबह एक भयंकर सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन टैंकरों में टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। लाडपुरा पुलिया के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में एक ट्रक चालक की जलकर मौत हो गई। तीनों गाड़ियां पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं। यह दुर्घटना मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के लाडपुरा चौराहे के पास हुई।
शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे चित्तौड़गढ़ से आ रहा ओवर स्पीड ट्रक राख से भरा हुआ था। उस ट्रक ने सीमेंट के टैंकर और एक खाली डीजल टैंकर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों गाड़ियों में आग लग गई, जो देखते ही देखते भीषण रूप धारण कर गई। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि ट्रक का गेट तक नहीं खुल सका और ट्रक ड्राइवर शंभूलाल धाकड़ (45) की जलकर मौत हो गई।

इस घटना के बाद हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया। लेकिन इस दौरान सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल से टैंकर और ट्रकों को हटाकर रास्ते को साफ किया और जाम को हटवाया।
हादसे के बाद मांडलगढ़ थाना प्रभारी जतिन जैन ने जानकारी दी कि चित्तौड़गढ़ में हुए एक अन्य हादसे के कारण वहां ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था, जिससे लाडपुरा चौराहे पर ज्यादा वाहन थे। तेज गति से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करते हुए इन दोनों टैंकरों को टक्कर मारी और फिर आग लग गई। इस हादसे में एक परिवार के सदस्य की मौत ने सभी को गहरे शोक में डाल दिया। पुलिस ने मृतक की बॉडी को मांडलगढ़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में भेजा है और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया को परिजनों के आने के बाद शुरू किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications