Rajasthan Weather Update: जयपुर समेत 6 जिलों में बारिश, टोंक में गिरे ओले; 11 मई तक 40 जिलों में येलो अलर्ट
Rajasthan weather update: राजस्थान में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। जयपुर, अलवर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा और दौसा जिलों में दोपहर बाद बारिश हुई। टोंक में बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा और कई दुकानों में पानी घुस गया।
टोंक शहर में दोपहर 3:45 से 4:45 बजे तक महज एक घंटे में 77 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया और शहर की सड़कों पर डेढ़ फीट तक पानी बहता देखा गया। लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कई शहरों में बदला मौसम, तापमान में गिरावट
सीकर, कोटा, उदयपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। अजमेर के किशनगढ़ में बारिश के बाद अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, जयपुर में दोपहर ढाई बजे बारिश शुरू हुई, जबकि अजमेर में दोपहर 2 बजे के बाद रिमझिम बारिश हुई। दौसा में तेज हवा और रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना हो गया।
भीलवाड़ा में दिनभर की उमस के बाद शाम 4:30 बजे से रिमझिम बारिश शुरू हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। उदयपुर संभाग के चित्तौड़गढ़ के डूंगला में 30 मिमी, राजसमंद के देवगढ़ और रेलमगरा में 25 मिमी, उदयपुर के बडगांव और झाड़ोल में 28 मिमी बारिश हुई। अन्य जगहों पर भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।
Rain in Tonk: टोंक में कहां-कहां गिरे ओले?
टोंक जिले के टोडारायसिंह नगर, डारडाहिंद, पालड़ा और आसपास के गांवों में कुछ मिनटों तक चने के आकार के ओले गिरे। थोड़ी देर की बारिश से गलियों में पानी बहने लगा। मुख्य बाजारों में पानी भर जाने से लोगों को परेशानी हुई।
Rain in Jaipur: जयपुर में दोपहर बाद बदला मौसम
सुबह तक जयपुर में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। दिल्ली रोड, सीकर रोड, चारदीवारी, झोटवाड़ा, सिरसी, विद्याधर नगर, मालवीय नगर जैसे क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
आगामी बारिश का अलर्ट
9 मई (गुरुवार) - येलो अलर्ट: गंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, भीलवाड़ा, बाड़मेर, जालोर, पाली, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, कोटा, बारां, झालावाड़, अजमेर
10 मई (शुक्रवार) - येलो अलर्ट: सीकर, जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, जोधपुर, नागौर, भीलवाड़ा, बाड़मेर, जालोर, पाली, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, अजमेर
11 मई (शनिवार) - येलो अलर्ट: बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, सिरोही, राजसमंद, पाली, जालोर
यह भी पढ़ें- India Pakistan War: पाकिस्तान के निशाने पर क्यों आए राजस्थान के नाल, फलोदी व उत्तर लाई कस्बे?












Click it and Unblock the Notifications