Rajasthan Weather: राजस्थान में लौटी गर्मी, कई जिलों में पारा 45 डिग्री पार, जानें कहां मिलेगी बारिश से राहत?
Rajasthan Weather News: राजस्थान में मई का मध्य आते-आते मौसम ने फिर करवट ली है। जहां एक ओर तेज गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश भी देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश के लिए मिलेजुले प्रभाव लेकर आएंगे। कहीं लू चलेगी तो कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

बीकानेर-श्रीगंगानगर में लू, उदयपुर-भरतपुर में बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, 15 से 17 मई तक श्रीगंगानगर और बीकानेर जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं, 17 मई को जयपुर, भरतपुर और उदयपुर संभाग के 12 जिलों में एक बार फिर आंधी और बारिश हो सकती है। इसके पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को कारण माना जा रहा है, जो पाकिस्तान की ओर से राजस्थान में प्रवेश कर रहा है।
रेत के बवंडर से ढका आसमान, कई जिलों में छाए बादल
बुधवार को बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे सीमावर्ती इलाकों में तेज़ आंधी के साथ रेत का गुबार छा गया। बीकानेर के पूगल क्षेत्र में पाकिस्तान बॉर्डर के रास्ते उठी धूल-भरी आंधी ने पूरे आसमान को ढक दिया। इससे लोगों को दिन में भी अंधेरे जैसा एहसास हुआ। बीकानेर में तेज गर्मी के बीच अचानक मौसम बदला और बवंडर के बाद बादल छा गए। इसी तरह हनुमानगढ़, कोटा, डूंगरपुर और उदयपुर के कई हिस्सों में भी दोपहर बाद आसमान में बादल आए और कहीं-कहीं बारिश भी हुई।
कई शहरों में पारा 43 डिग्री से ऊपर, जयपुर में सड़कों पर सन्नाटा
जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में दिन के समय तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। जयपुर में दिन की गर्मी के चलते आमजन सड़कों से नदारद रहे और दोपहर में शहर में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं बीकानेर और आसपास के इलाकों में तापमान और धूलभरी हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया।
तापमान का हाल - कहां कितना रहा पारा
- श्रीगंगानगर: 45.1°C
- बीकानेर: 43.9°C
- जैसलमेर, बाड़मेर, चूरू: 43.4°C
- जयपुर: 41.8°C
- अलवर, जोधपुर: 41.6°C
- चित्तौड़गढ़, कोटा: 41.8°C, 41.3°C
- अजमेर: 40.8°C
- सीकर: 39.5°C
- माउंट आबू: 29.0°C
राज्य के कई हिस्सों में हवा में नमी 15% से 50% के बीच दर्ज की गई है। आने वाले कुछ दिनों में राजस्थान को गर्मी और पश्चिमी विक्षोभ दोनों से दो-दो हाथ करने होंगे। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, ऐसे में सतर्क रहना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications