Rajasthan: शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर दिलाने का स्टाम्प पर 5.50 लाख में सौदा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गिरफ्तार
RPSC Paper Leak: राजस्थान द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थी मिश्री को पेपर उपलब्ध करवाकर पास करवाने के लिए साढ़े पांच लाख रुपए में सौदा करने के आरोप में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पकड़ा गया है।

राजस्थान लोक सेवा आयोग की द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक केस में नित नए खुलासे हो रहे हैं। आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा को पकड़ने के बाद अब राजस्थान पुलिस मुख्यालय की क्राइम ब्रांच ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रामप्रसाद चौपड़ा को गिरफ्तार किया है।
पूर्व पंचायत समिति सदस्य रह चुके रामप्रसाद चौपड़ा पर एक महिला अभ्यर्थी मिश्री को शिक्षक भर्ती परीक्षा 2022 का पेपर उपलब्ध करवाने के नाम पर साढ़े लाख रुपए में सौदा करने का आरोप है। सौदा भी पांच सौ रुपए के स्टाम्प पेपर पर किया गया।
जयपुर के मानसरोवर से सोमवार शाम को पकड़ा गया रामप्रसाद चौपड़ा जयपुर के शाहपुरा इलाके के निठारा का रहने वाला है। चिमनपुरा कॉलेज शाहपुरा का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुका है। इसके खिलाफ गोविंदगढ़ के सिंगोद निवासी मुकेश यादव ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
एडीजी क्राइम एमएन दिनेश ने बताया कि परिवादी मुकेश यादव साल 2019 में एग्रीकल्चर सुपरवाइजर भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। तब किसी परिचित के जरिए उसकी मुलाकात रामप्रसाद चौपड़ा से हुई थी। रामप्रसाद ने साढ़े सात लाख रुपए में पेपर देने का झांसा दिया।
आरोपी रामप्रसाद ने मुकेश यादव से डेढ़ लाख रुपए एडवांस लिए थे। एग्रीकल्चर सुपरवाइजर भर्ती परीक्षा का पेपर देने के लिए परिवादी को बुलाया था। तब एसओजी ने रामप्रसाद व उसके साथियों को पकड़ लिया था।
इधर, मुकेश ने आरोपी रामप्रसाद से रुपए वापस मांगे तो उसने परिचित महिला अभ्यर्थी मिश्री को द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर उपलब्ध करवाने का झांसा दिया। इसके बदले 14 लाख रुपए मांगे। सोमवार को उसे रजत पथ पर बुलाया और पूरा सौदा स्टाम्प पेपर पर लिखकर दिया। साढ़े पांच लाख एडवांस लिए। लिखा कि मिश्री परीक्षा में पास नहीं हुई तो रकम लौटा देगा।












Click it and Unblock the Notifications