Rajasthan Result 2023: स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने पर राजस्थान में BJP-कांग्रेस का प्लान बी क्या है?
Rajasthan Election Result 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में मतगणना से पहले हर किसी के मन में सवाल है कि इस बार राज बदलेगा या रिवाज? सत्ता कांग्रेस के हाथ में वापस आएगी या भाजपा का कमल खिलेगा? राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही बने रहेंगे या सचिन पायलट? वसुंधरा राजे तीसरी बार सीएम की कुर्सी पर बैठेंगीं या फिर भाजपा का कोई और नेता सीएम बनेगा? सब सवालों के जवाब आज होने वाली काउंटिंग से मिलेंगे।

एग्जिल पोल भाजपा-कांग्रेस की बना रहे सरकार
30 नवंबर को जारी हुए सारे एग्जिट पोल के नतीजों ने किसी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया। दस में से सात ने भाजपा की सरकार बनने का अनुमान लगाया तो तीन का अनुमान रहा कि राजस्थान में कांग्रेस की भी सरकार बन सकती है। साथ ही एग्जिट पोल ने निर्दलीय, छोटे दल के मजबूत उम्मीदवार और बागियों को भी जीत मिलती दिखा रहे हैं। ऐसे में स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में भाजपा-कांग्रेस ने प्लान बी भी तैयार कर रखा है।

गहलोत व वसुंधरा ने की राज्यपाल से मुलाकात
आज मतगणना के बाद बहुमत दल को राजस्थान राज्यपाल कलराज मिश्र सरकार बनाने के लिए बुलाएंगे। 30 नवंबर को एग्जिट पोल के नतीजे जारी होने के कुछ देर बाद ही सीएम अशोक गहलोत तो राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंच गए थे। वहीं, दूसरे दिन पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया ने राज्यपाल से मुलाकात की। दोनों ही नेताओं ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया।

राजस्थान चुनाव में BJP का प्लान बी
यूं तो ज्यादा एग्जिट पोल राजस्थान में भाजपा की सरकार बना रहे हैं, मगर तीन एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त बताई जा रही है। अगर उनका एग्जिट पोल नतीजों में बदला और भाजपा को बहुमत से पीछे रह जाती है तो अपने प्लान बी पर काम करेगी। प्लान बी ये है कि भाजपा अपने सभी विधायकों को होटल या रिसोर्ट में ले जाएगी। निर्दलीय व अन्य जीते हुए उम्मीदवार के साथ शर्तें व पद देने जैसी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

चार्टर प्लेन कंपनी से सम्पर्क कर रही पार्टी
मीडिया से बातचीत में एक चार्टर कंपनी ने किसी पार्टी का नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि राजनीतिक पार्टियां चार्टर प्लने के लिए राजस्थान चुनाव में उनसे सम्पर्क किया है और 3 दिसंबर की स्थिति जानी है। एग्जिट पोल के बाद दो दिन में कई फोन आ चुके हैं। मतलब साफ है कि भाजपा-कांग्रेस दोनों बाड़ाबंदी की तैयारी भी कर रही हैं।
गहलोत, जोशी व अरुण के पास बाड़ाबंदी की कमान
आज मतगणना के बाद विधायकों की बाड़बंदी की तैयारी भाजपा-कांग्रेस दोनों कर रही हैं। जीत सकने वाले उम्मीदवारों से सम्पर्क साधा जा रहा है। कांग्रेस खेमे में बाड़बंदी की जिम्मेदारी खुद सीएम अशोक गहलोत ने संभाल रखी है। वहीं, भाजपा ने इस काम में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी व प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह को लगा रखा है।

कांग्रेस का वॉर रूम सक्रिय हुआ
जयपुर में कांग्रेस का वॉर रूम भी मतगणना से पहले सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को कांग्रेस वॉर रूम में मंडल स्तरीय पदाधिकारियों से फीडबैक लिया गया। अब तक राजस्थान में कांग्रेस की 90 से ज्यादा सीटें आने का फीडबैक मिला है। हकीकत मतगणना से सामने आएगी। सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा भी नेताओं से मुलाकातें कर रहे हैं।
199 सीटों पर हो रहे राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023
16वीं विधानसभा के लिए राजस्थान की 200 में से 199 सीटों पर चुनाव हुए हैं। श्रीगंगानर जिले की श्रीकरणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर का आकस्मिक निधन हो जाने कारण इस एक सीट पर चुनाव टाल दिए गए। यह सीट बाद में उपचुनाव से भरी जाएगी। राजस्थान की 199 सीटों पर 25 नवंबर को मतदान हुआ, जो 75.45 प्रतिशत रहा। यह राजस्थान विधानसभा चुनाव इतिहास में अब तक का सर्वाधिक वोट प्रतिशत है।












Click it and Unblock the Notifications