Rajasthan Rain: बारिश की वजह से कई उड़ानें डायवर्ट, खेत-खलियान डूबे, स्कूली बच्चों की छुट्टी
Rajasthan Rain: राजस्थान में बारिश भले ही धीमी पड़ गई हो, लेकिन इसका असर अब भी लोगों की जिंदगी में साफ दिख रहा है। कहीं खेत पानी से भरकर किसानों की उम्मीदें डुबो रहे हैं, तो कहीं बच्चे लगातार छुट्टियों के चलते पढ़ाई से दूर हैं।
कोटपूतली-बहरोड़ और आसपास के इलाकों में बाजरे की फसल पानी में डूब चुकी है। ग्रामीण बताते हैं कि बरसात से पहले तक अच्छी फसल की उम्मीद थी, लेकिन अब खेतों में पानी भर जाने से नुकसान तय है।

श्रद्धालु फंसे, उड़ानें रुकीं
जैसलमेर के रामदेवरा में दर्शन के लिए आए श्रद्धालु जलभराव में फंस गए। वहीं, जोधपुर में खराब मौसम की वजह से हैदराबाद से आ रही फ्लाइट उतर नहीं पाई। यात्रियों को लेकर विमान को उदयपुर मोड़ना पड़ा।
बच्चों की छुट्टियां बढ़ीं
लगातार बरसात और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए टोंक और बूंदी में स्कूल बंद रखे गए हैं। बच्चों की छुट्टियां आज 27 अगस्त को भी जारी रही।
पानी ने तोड़ी कनेक्टिविटी
उदयपुर में फतहसागर झील का पानी बढ़ने से गेट खोलने पड़े। झाड़ोल क्षेत्र की वाकल नदी उफान पर है। यहां वास और नरसिंगपुरा गांव के बीच बनी पुलिया जलमग्न हो गई, जिससे दोनों गांवों का संपर्क कट गया।
हादसे भी जारी
जालोर में नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। भीलवाड़ा के रायला कस्बे में एक जर्जर स्कूल का कमरा भरभराकर गिर गया, गनीमत रही कि वह पहले से बंद था।












Click it and Unblock the Notifications