राजस्थान: श्रीगंगानगर में BJP नेता कैलाश मेघवाल के किसानों ने फाड़े कपड़े, पुलिस ने किया लाठी चार्ज
श्रीगंगानगर, जुलाई 30: राजस्थान के श्रीगंगानगर में कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने बीजेपी नेता कैलाश मेघवाल के शुक्रवार को कपड़े फाड़ दिए। बीजेपी कार्यकर्ता श्रीगंगानगर में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। मेघवाल महंगाई और सिंचाई को लेकर बीजेपी के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। भाजपा के विरोध कार्यक्रम का संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसान नेताओं की अगुवाई में किसान,मजदूर व व्यापारियों ने जबरदस्त विरोध किया। इसी दौरान ये घटना हुई।
Recommended Video

बीजेपी श्रीगंगानगर में राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ कई जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही है। बीजेपी का प्रदर्शन सेंट्रल जेल के पास चल रहा है। वहीं केंद्र के तीन कृषि कानून के खिलाफ महाराजा गंगा सिंह चौक पर किसान प्रदर्शन कर रहे थे। इसी जिला स्तरीय प्रदर्शन में हनुमानगढ़ के भाजपा कार्यकर्ता और एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मेघवाल शामिल होने पहुंचे थे।
लेकिन गलत रास्ता लेकर वह किसानों के प्रदर्शन स्थल की ओर पहुंच गए,तभी किसानों को इस बात की खबर लगी। विरोध-प्रदर्शन कर रहे किसान मेघवाल के गले में भाजपा का पटका देखकर भडक़ गए। इस बीच कुछ किसानों ने मेघवाल व भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच मेघवाल के साथ धक्का-मुक्की भी हुई और कपड़े तक फाड़ दिए गए। कुछ किसानों ने और पुलिस ने बीच-बचाव कर मेघवाल को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर किसानों को खदेड़ना पड़ा। पुलिस द्वारा किए गए हल्के बल प्रयोग में कुछ किसान कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई। फिलहाल, श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट, महाराजा गंगा सिंह चौक, भगत सिंह चौक रोड पर तनाव का माहौल बना हुआ है। इलाके में फोर्स की तैनाती की गई है। वहीं बीजेपी इस मुद्दे को लेकर विपक्ष राज्य की गहलोत सरकार को निशाना बना रही है।












Click it and Unblock the Notifications