Rajasthan News Today: विधानसभा में बजट पर बवाल के आसार, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू
Rajasthan News Today: राजस्थान में गुरुवार (12 फरवरी) का दिन सियासी हलचल, शिक्षा और सांस्कृतिक लिहाज से काफी हलचल भरा रहने वाला है। विधानसभा में बजट को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के आसार हैं। दूसरी ओर लाखों विद्यार्थियों के लिए राजस्थान बोर्ड परीक्षाओं का महाकुंभ भी शुरू हो रहा है। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर गुरुवार को है। जैसलमेर में मरू महोत्सव का जोश चरम पर है और मौसम के मोर्चे पर भी नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
राजस्थान सरकार ने बुधवार को अपना बजट पेश किया और उस दौरान भी विधानसभा में काफी हंगामा हुआ था। बजट पर चर्चा के दौरान भी भारी बवाल हो सकता है। विपक्षी विधायक पूरी तैयारी के साथ सरकार पर तीखे हमले कर सकते हैं।

Rajasthan News Today: विधानसभा में बजट पर घमासान के संकेत
राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में आज विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है। बेरोजगारी, महंगाई, किसान कर्जमाफी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर हंगामा होने की संभावना जताई जा रही है। सत्ता पक्ष बजट को विकासोन्मुखी बताते हुए अपनी उपलब्धियां गिनाने की रणनीति में है, जबकि विपक्ष इसे आंकड़ों का खेल बताकर सवाल उठाने की तैयारी कर चुका है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक आज सदन की कार्यवाही काफी गरमागरम रह सकती है।
Rajasthan News: बोर्ड परीक्षाएं शुरू
12 फरवरी से राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। लाखों छात्र पहली बार बोर्ड परीक्षा देने केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। शिक्षा विभाग ने परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा और नकल रोकने के कड़े इंतजाम किए हैं। विशेषज्ञों ने छात्रों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और जरूरी स्टेशनरी साथ रखें तथा परीक्षा से पहले जारी 5 प्रमुख नियम जरूर पढ़ लें। अभिभावकों में भी सुबह से ही 'लास्ट मिनट गाइडलाइंस' को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
जैसलमेर में मरू महोत्सव की धूम
स्वर्णनगरी जैसलमेर में चल रहे मरू महोत्सव का आज तीसरा और सबसे आकर्षक दिन है। 'मिस्टर डेजर्ट' और 'मिस मूमल' प्रतियोगिताओं पर सबकी नजरें टिकी हैं। मूंछ प्रतियोगिता, ऊंट सज्जा और लोकनृत्यों के रंग पर्यटकों को खासा लुभा रहे हैं। देश-विदेश से आए सैलानी इस उत्सव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब साझा कर रहे हैं।
Rajasthan Weather Today: मौसम भी लेगा करवट
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर राजस्थान के कुछ जिलों में ठिठुरन बढ़ सकती है। बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं और सीकर में ठंडी हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल शीतलहर जैसे हालात नहीं बनने वाले, लेकिन लोगों को ठंड से पूरी तरह से राहत नहीं मिलने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications