Rajasthan: दौसा में काल बनकर दौड़ी कार, एक साथ उठीं 6 दोस्तों की अर्थियां, चीख-पुकार में बदलीं शादी की खुशियां
Rajasthan News: राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार की रात एक खुशहाल माहौल चीख-पुकार में बदल गया। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे (NH-21) पर कैलाई गांव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत हो गई।
रफ्तार का कहर इतना भयावह था कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए दूसरी तरफ से आ रहे ट्रेलर से सीधे जा टकराई। हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और वह ट्रेलर के नीचे फंस गई। आइए विस्तार से जानते हैं क्या है पूरा मामला?

एक साथ कहां जा रहे थे सभी दोस्त?
दरअसल, दौसा के कालाखो गांव के रहने वाले छह दोस्त आभानेरी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 11 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार कार ने नियंत्रण खो दिया।
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, चश्मदीदों ने बताया कि, कार इतनी रफ्तार में थी कि डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड चली गई और सामने से आ रहे भारी ट्रेलर में जा घुसी। स्थिति इतनी विकट थी कि कार को ट्रेलर से अलग करने के लिए प्रशासन को क्रेन बुलानी पड़ी।
हादसे में 6 दोस्तों की मौत
इस दुर्घटना में सिकंदरा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
- 4 युवकों की मौत सिकंदरा अस्पताल में हुई।
- 1 युवक ने दौसा जिला अस्पताल में दम तोड़ा।
- 1 गंभीर घायल को जयपुर (SMS अस्पताल) रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसने भी प्राण त्याग दिए।
मृतकों की पहचान
सभी मृतक 23 से 26 वर्ष की युवा आयु के थे और आपस में गहरे दोस्त थे। मृतकों में समय सिंह (25), लोकेश (24), दिलखुश (24), मनीष (23), अंकित (26) और नवीन (23) शामिल हैं। बुधवार सुबह जब पोस्टमार्टम के बाद शव कालाखो गांव पहुंचे, तो पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। एक साथ छह अर्थियां उठने से गांव का हर व्यक्ति स्तब्ध है।












Click it and Unblock the Notifications