भीलवाड़ा में कांग्रेस ने लगाया बीजेपी पर आरोप, निर्दलीय अशोक कोठारी को बताया भूमाफियाओं का प्रत्याशी
Bhilwara Election News: राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को मतदान होगा। इससे पहले सभी सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस अपना पूरा दम लगा रही है। हालांकि भीलवाड़ा शहर विधानसभा सीट पर बागियों ने सारे समीकरण बिगाड़ दिए हैं।
इस बीच कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी और फरीदाबाद विधायक नीरज शर्मा का कहना है की भाजपा के चार बागी प्रत्याशियों के कारण भीलवाड़ा में कांग्रेस को बड़ा फायदा होने जा रहा है। निश्चित तौर पर हम 2018 से स्थान से आगे बढ़ेंगे।

शर्मा ने रविवार को भीलवाड़ा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा की जिले में कांग्रेस का कोई भी बागी प्रत्याशी मैदान में नहीं है और भाजपा को चार स्थानों शाहपुरा, आसींद, सहाड़ा और भीलवाड़ा में अपने ही बागियों से संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई स्थानों पर बहुत बेहतर स्थिति में है और राजस्थान में सरकार बनाने के लिए पहले से ज्यादा बेहतर योगदान कर पाएगी। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा ने इसी पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया की भीलवाड़ा में निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कोठारी भूमाफियाओं के प्रत्याशी है, जिन्होंने विगत छह माह में काफी बड़े सौदे किए और अब उन्हें इनके लिए सुरक्षा कवच चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोठारी का प्रचार केवल भूमाफिया से जुड़े लोग आरएसएस को साथ लेकर कर रहे हैं और उनकी लड़ाई कांग्रेस से नहीं होकर भाजपा प्रत्याशी से हैं, जो उनकी राह में बाधा बना हुआ है। ये भाजपा प्रत्याशी को हराने के लिए ही चुनाव लड़ रहे है और कांग्रेस भाजपा को हराने के लिए मैदान में है।
शर्मा ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए की नगर परिषद के दो पूर्व सभापति अनिल बलदवा और ललिता समदानी कहां है, साथ ही तीसरा सभापति भाजपा से बगावत करके क्यों भूमाफियाओं के साथ लगा हुआ है और वर्तमान सभापति की इस चुनाव में क्या भूमिका है? उन्होंने सभी भाजपा विधायकों को कटघरे में लेते कहा की कांग्रेस राज में सभी भाजपा विधायक बजरी के ठेकों से मस्त रहे किसी ने इसे रोकने के लिए विधानसभा में प्रश्न तक नहीं लगाया। उन्होंने पूर्व यूआईटी चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल पर भी बजरी माफिया होने का आरोप लगाया।
आपको बता दें कि भीलवाड़ा विधानसभा (Bhilwara) 1998 से ही बीजेपी का गढ़ माना जाता है। इस विधानसभा सीट पर बीजेपी से चौथी बार विठ्ठल शंकर अवस्थी को प्रत्याशी बनाया है, जिससे नाराज होकर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने गौ भक्त अशोक कोठारी को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतारा हुआ है।
संवाद सूत्र: दीपेश छापा, भीलवाड़ा












Click it and Unblock the Notifications