Rajasthan Chunav: राजस्थान चुनाव में गहलोत-पायलट समर्थक नेता ही बन गए पीएम मोदी की 'ताकत'?
Rajasthan Election 2023: राजस्थान चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी के भाषणों में मर्दों वाला प्रदेश व लाल डायरी का जिक्र जरूर होता है। ये दोनों ही बात गहलोत समर्थक नेता धारीवाल व पायलट समर्थक नेता राजेंद्र गुढ़ा से जुड़ी हैं
PM Modi in Rajasthan ELection: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी भाषणों से एक बात साबित हो रही है कि पीएम मोदी ने सीएम अशोक गहलोत व पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के समर्थक नेताओं की बयानबाजी व दावों को ही अपनी सियासी ताकत बना रखा है।
दरअसल, पीएम नरेंद्र मोदी राजस्थान की चुनावी रैलियों में 'मर्दों वाला प्रदेश' बयान के बहाने राजस्थान में महिला सुरक्षा और 'लाल डायरी' का जिक्र करके भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर राजस्थान में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधने से नहीं चूकते।

राजस्थान में पीएम मोदी ने झोंकी ताकत
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी ताकत झोंक रखी है। पीएम मोदी राजस्थान में सत्ता परिवर्तन का रिवाज कायम रखते हुए अबकी बार भाजपा सरकार लाना चाहते हैं। चुनावी साल में पीएम मोदी राजस्थान का एक दर्जन से ज्यादा बार दौरा कर चुके हैं।

शांति धारीवाल ने दिया था 'मर्दों वाला प्रदेश' का बयान
'मर्दों वाला प्रदेश' का बयान राजस्थान सरकार में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने मार्च 2022 में दिया था। तब धारीवाल ने राजस्थान विधानसभा में कहा था कि ''रेप के मामले में हम नंबर वन हैं। राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। हम इसके बारे में क्या कर सकते हैं? तब से आज तक इस बयान को लेकर राजस्थान में खूब सियासत हो रही है।

अशोक गहलोत समर्थक हैं शांति धारीवाल
कांग्रेस के दिग्गज नेता शांति धारीवाल कोटा उत्तर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। ये अशोक गहलोत समर्थक नेता माने जाते हैं। पिछले साल 25 सितंबर को जयपुर में कांग्रेस आलाकमान को आंख दिखाने वाले नेताओं की बगावत का झंडा भी शांति धारीवाल ने ही उठाया था। यही वजह है कि टिकट वितरण के समय कांग्रेस आलाकमान ने भी धारीवाल को अपनी ताकत का अहसास करवाया। तभी तो धारीवाल को टिकट के लिए उम्मीदवारों की आखिरी सूची तक इंतजार करना पड़ा।

शिवसेना से चुनाव लड़ रहे हैं राजेंद्र सिंह गुढ़ा
राजस्थान चुनाव 2023 में पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा 'लाल डायरी'वाले नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। हुआ यूं कि विधानसभा में महिला सुरक्षा पर अपनी ही सरकार के खिलाफ बोलने पर पार्टी से निष्कासित हुए तो राजेंद्र गुढ़ा लाल डायरी लेकर विधानसभा ही पहुंच गए।

लाल डायरी को लेकर गुढ़ा ने दावा किया था कि इसमें अशोक गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार के राज हैं। गुढ़ा आए दिन लाल डायरी के पेज भी मीडिया में जारी करते रहते हैं। कांग्रेस से निकाले जाने व बसपा में वापसी नहीं होने के कारण साल 2023 का चुनाव राजेंद्र सिंह गुढ़ा शिवसेना के टिकट पर लड़ रहे हैं।

सचिन पायलट समर्थक हैं राजेंद्र सिंह गुढ़ा
राजेंद्र सिंह गुढ़ा उदयपुरवाटी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते हैं। 2008 व 2018 में बसपा की टिकट से चुनाव जीतकर कांग्रेस में शामिल हुए और अशोक गहलोत सरकार में सैनिक कल्याण, होमगार्ड व नागरिक सुरक्षा जैसे महकमों की कमान संभाली। ये पहले अशोक गहलोत के करीबी थे। फिर मनपसंद मंत्रालय नहीं मिलने पर सचिन पायलट खेमे में चले गए। पायलट की बगावत में उनका साथ भी दिया।
दिवाली के बाद पीएम मोदी का राजस्थान में डेरा
राजस्थान चुनाव 2023 में प्रधानमंत्री मोदी दिवाली के बाद से ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। 15 नवंबर को बायतु आए। 18 नवंबर को भरतपुर व नागौर में चुनावी सभा। 22 व 23 नंवबर को पीएम मोदी जयपुर व जोधपुर में रोड शो करेंगे। उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा की 199 सीटों पर 25 नवंबर को मतदान होगा। 3 दिसंबर को नतीजे आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications