राजस्थान उपचुनाव 2024: कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची, सातों सीटों पर नाम हुए तय
राजस्थान की सात विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव 2024 में भाजपा के बाद अब कांग्रेस उम्मीदवारों की भी सूची आने वाली है। सातों सीटों पर कांग्रेस आलाकमान ने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। जातिगत समीकरणों को साधते हुए पारिवारिक पृष्ठभूमि का फायदा उठाने के इरादे से प्रत्याशियों के नाम तय किए गए हैं।
कांग्रेस पार्टी सूत्रों के अनुसार झुंझुनूं से पूर्व सांसद शीशराम ओला के पोते व मौजूदा सांसद बृजेंद्र ओला के बेटे अमित ओला, अलवर जिले के रामगढ़ से आर्यन जुबैर के नाम फाइनल हो गए हैं। दौसा सीट उपचुनाव में कांग्रेस टिकट की दौड़ में सबसे आगे डीसी बैरवा का नाम है। हालांकि कांग्रेस के एक गुट का कहना है कि दौसा से गुर्जर या मीणा को उतारना फायदेमंद है।

बता दें कि डीसी बैरवा दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। कभी जीते नहीं। डीसी बैरवा सचिन पायलट खेमे के नेता हैं। दौसा सीट से युवा नेता नरेश मीणा भी टिकट मांग रहे हैं। भाजपा ने भी मीणा पर दांव लगाया है। किरोड़ी लाल मीणा के भाई जगमोहन मीणा को टिकट दिया है।
उधर, सलूंबर सीट रघुवीर मीणा का नाम आगे चल रहा है। झुंझुनूं ओला परिवार की परम्परागढ़ सीट है। झुंझुनूं विधायक पिता के सांसद बनने के बाद बेटे को मौका मिल सकता है। पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा कहते हैं कि सभी सातों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं। आलाकमान की अंतिम मुहर लगनी बाकी है।
राजस्थान उपचुनाव 2024 भाजपा उम्मीदवार
राजस्थान भाजपा ने शनिवार रात को सात में छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए। झुंझुनूं से राजेंद्र भांबू, रामगढ़ से सुखवंत सिंह, दौसा से जगमोहन मीना, देवली उनियारा से राजेंद्र गुर्जर, खींवसर से रेवंत राम डांगा, सलूंबर से शांता देवी मीना को टिकट दिया है। चौरासी सीट होल्ड रखी है।












Click it and Unblock the Notifications