Rajasthan Budget 2026 Highlights: खुल गया दीया कुमारी का पिटारा, महिलाओं-युवाओं समेत हर वर्ग के लिए ये ऐलान
Rajasthan Budget 2026: राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने प्रदेश का बजट बुधवार (11 फरवरी) को पेश किया है। इस बजट में वित्त मंत्री ने अपना पिटारा खोल दिया है और हर वर्ग के लिए सौगातों का ऐलान किया। महिलाओं और युवाओं के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रो को बेहतर बनाने से लेकर पेपर लीक रोकने के लिए खास प्रावधान किए गए हैं। राजस्थान से बाहर रहने वाले लोगों और स्थानीय कलाओं के प्रोत्साहन के लिए नई योजनाओं का ऐलान किया गया है।
राजस्थान के शहरों के विकास के लिए भी बड़ी योजनाओं का ऐलान किया गया है। अकेले जयपुर के विकास के लिए 1,000 करोड़ खर्च किए जाएंगे। शहरों के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए 500 करोड़ का ऐलान किया गया है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 28 लाख पक्के मकान बनाए जाएंगे।

Rajasthan Budget 2026: आंगनबाड़ी केंद्रों समेत ये बड़े ऐलान
- राजस्थान के 22,746 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के समग्र विकास के लिए 'जादुई पिटारा' (खेल सामग्री और किट) उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के तहत 323 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। इसके जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक बनाया जाएगा।
- वित्त मंत्री ने बताया कि 300 से ज्यादा यूनिवर्सिटी में स्थापित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रों में लगभग 15 हजार छात्राओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इस योजना को और विस्तार दिया जाएगा। इसके तहत 150 और महाविद्यालयों में इन केंद्रों की स्थापना कर लगभग 50 हजार छात्राओं को ट्रेनिंग दी जाएगी।
Rajasthan Budget 2026 Highlights: पेपर लीक रोकने के लिए स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना
वित्त मंत्री दीया कुमारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। पेपर लीक जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य एक और कदम उठाया जाएगा। NTA की तर्ज पर स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना की जाएगी।
Rajasthan Budget: 28 लाख पक्के मकान समेत ये ऐलान
- वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बताया कि आवास योजना के तहत 28 लाख परिवारों के लिए पक्के मकान बनाए जाएंगे। नगर निकायों में 4 लाख नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिसके लिए 500 करोड़ से ज्यादा का प्रावधान बजट में किया गया है।
- वित्त मंत्री ने बजट भाषण के दौरान कहा कि राजस्थान के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही सरकार का फोकस है कि प्रदेश के युवा रोजगार देने वाले बनें। इसके लिए वोकेशनल एजुकेशन, स्किल डेवलपमेंट और करियर काउंसलिंग के साथ प्रक्रियाओं के सरल बनाया जाएगा।
- माटी कला से जुड़े कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए 5000 इलेक्ट्रिक व्हील्स और मिट्टी गूथने की मशीनें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान बजट में किया गया है।
- देश-विदेश के प्रवासी राजस्थानियों से संवाद और जुड़ाव के लिए डोमेस्टिक और ओवसीज विभाग का गठन किया गया है। राजस्थान फाउंडेशन के 26 चैप्टर हैं। इस साल दक्षिण अफ्रीका और कनाडा को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
- राजस्थान के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए 3 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications