राजस्थान: गहलोत सरकार के iPhone को वापस करेंगे BJP विधायक, बताई ये वजह
जयपुर, 24 फरवरी: राजस्थान सरकार ने आज बुधवार को विधानसभा में अपनी सरकार का बजट पेश किया था। इस खास मौके पर राज्य सरकार की तरफ से सभी 200 विधायकों को आईफोन-13 भी गिफ्ट किया गया। लेकिन अब राजस्थान बीजेपी ने इन आईफोन को लौटान की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने इस फैसले के पीछे की वजह वित्तीय भार को बताया है। बता दें कि, पिछले साल विधायकों को बजट की कॉपी के साथ आईपैड भी दिए गए थे।

आईफोन वापस करने की जानकारी देते हुए राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष सतीश पुनिया ने ट्वीट कर लिखा कि, गुलाब कटारिया और राजेंद्र राठौर तथा अन्य विधायकों से चर्चा के बाद यह निश्चित हुआ है कि राजस्थान बीजेपी के सभी विधायक राज्य सरकार पर पड़ने वाले वित्तीय भार को दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस सरकार द्वारा दिये गए आईफोन-13 को वापस करेंगे। दरअसल राजस्थान विधानसभा में पिछले कुछ सालों से परंपरा चली आ रही है कि विधायकों को टेक्नो सेवी बनाने के लिए इस तरह के गेजेट्स बजट के समय वितरित किए जाते है
आईफोन 13 की कीमत 75,000 से 1 लाख के बीच है। इस उपहार पर राज्य को लगभग 1.5 करोड़ रुपए खर्च करना पड़ा। पार्टी लाइन से हटकर ज्यादातर विधायक इस उपहार से खुश थे। कई विधायकों ने मोबाइल मिलने के बाद इसे बेहद काम का बताया। बीजेपी के एक विधायक ने कहा कि पिछले साल जो टैब दिया गया था, वो आज भी उसे काम में ले रहे हैं, लेकिन आईफोन ज़्यादा सुविधाजनक है क्योंकि इसे आसानी से अपने साथ रखा जा सकता है।
वहीं राजस्थान सरकार के बजट में घोषणा की गई कि राजस्थान सरकार अगले वित्त वर्ष में एक लाख सरकारी भर्तियां करेंगी जबकि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अब पांच लाख रुपए के बजाय दस लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा। इसी तरह राज्य के कर्मचारियों के लिए एक अप्रैल से पुरानी पेंशन योजना लागू होगी और 100 यूनिट प्रतिमाह बिजली का उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को 50 यूनिट बिजली निशुल्क मिलेगी। इसमें मनरेगा के तहत रोजगार की गांरटी सालाना 100 कार्यदिवस की जगह 125 कार्यदिवस करने की घोषणा की गई।












Click it and Unblock the Notifications