राजस्थान में 199 सीटों के लिए मतदान शुरू, PM मोदी ने वोटरों से कहा- वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं
Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार 25 नवंबर की सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के सभी वोटरों से रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की है। राजस्थान कांग्रेस ने भी मतदाताओं से वोटिंग की अपील की है।
राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 सीटों पर वोटिंग जारी है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। श्रीगंगानगर की करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और मौजूदा विधायक गुरमीत सिंह कूनर के निधन की वजह से इस क्षेत्र में चुनाव स्थगित कर दिया गया है। राजस्थान चुनाव के नतीजे 03 दिसंबर 2023 को घोषित किए जाएंगे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा, ''राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए आज वोट डाले जाएंगे। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं।''
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी वोटरों से वोटिंग की अपील की है। अमित शाह ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, 'वीरभूमि राजस्थान के जन-जन की आकांक्षाओं को केवल एक भ्रष्टाचार मुक्त मजबूत सरकार ही पूरा कर सकती है। राजस्थान के सभी मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं। आपका एक वोट प्रदेश में युवाओं का भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा और तुष्टीकरण मुक्त शासन सुनिश्चित करेगा। पेलां वोट, पछे रोट!'
राजस्थान विधानसभा चुनाव में इस बार कुल 1862 उम्मीदवार मैदान में हैं और मतदाताओं की संख्या 5,25,38,105 है। इन वोटर्स में से 18 से 30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 मतदाता शामिल हैं। वहीं इनमें से 18-19 आयु वर्ग के 22,61,008 नए वोटर्स हैं।












Click it and Unblock the Notifications