Rajasthan Election: भरतपुर में BJP के बागी प्रत्याशी के स्वागत के बाद चलीं लाठियां, झगड़े में 9 लोग घायल
Rajasthan Election News: राजस्थान में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार अंतिम दौर में चल रहा है। ऐसे में भरतपुर जिले की बयान-रूपबास सीट से भाजपा की टेंशन बागी उम्मीदवार ने बढ़ा दी है। बयाना से बीजेपी ने पूर्व विधायक बच्चू बंशीवाल को टिकट दिया है, जिसके बाद क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार रितु बनावत ने बागी तेवर दिखाते हुए चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
ऐसे में अब निर्दलीय प्रत्याशी रितु के स्वागत के बाद दों पक्षों में खूनी संघर्ष की खबर सामने आई है, जिसमें कई लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।

दरअसल, बयाना से बीजेपी ने पूर्व विधायक बच्चू बंशीवाल को उम्मीदवार घोषित किया है। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषि बंसल की पत्नी रितु बनावत ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। इसी के साथ जिलाध्यक्ष ऋषि बंसल ने भी पद से इस्तीफा दे दिया है।
ऐसे में विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहीं रितु बनावत के स्वागत को लेकर दो पक्षों में हिंसा हो गई। जानकारी के अनुसार वाल्मीकि समाज के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों की ओर से खुलकर तलवार, फरसों से एक दूसरे पर हमला किया गया।
एक पक्ष के लोगों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. रितु बनावत का बस्ती में स्वागत-सत्कार किये जाने से गुस्साए लोगों ने उनपर हमला कर दिया। हमले में दोनों पक्षों के कुल 9 जने घायल हुए हैं। घायलों में एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है।
घटना की सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी ओमप्रकाश केंलानिया, डीएसपी अनीता मीना, कोतवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार और सदर थाना प्रभारी जय प्रकाश परमार जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे। मेडीकल स्टाफ ने दोनों पक्षों के घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत होने के चलते भरतपुर रैफर कर दिया। मामला अम्बा सिनेमा के पास की वाल्मीकि बस्ती का है। बाद में एडीशनल एसपी ने घटनास्थल पर पहुंच मौका मुआयना किया और घटना की जानकारी ली। अभी तक किसी भी पक्ष ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है।
संवाद सूत्र: रिंकू एलिजा, भरतपुर












Click it and Unblock the Notifications