Barmer Accident : खाद्य तेल से भरे टैंकर पलटने के बाद लगी आग, दो लोगों की जिंदा जलने से मौत
बाड़मेर, 6 नवंबर। राजस्थान के बाड़मेर जिले के पचपदरा पुलिस थाना इलाके में गांव कुड़ी की सरहद में सड़क हादसा हुआ है। खाद्य तेल से भरा टैंकर बेकाबू होकर पलट गया और फिर उसमें आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो लोग जिंदा जल गए।

जानकारी के अनुसार बाड़मेर जोधपुर हाइवे पर खाद्य ऑयल से भरा एक टैंकर जा रहा था। रास्ते में गांव कुड़ी के पास अचानक पशु आने के कारण उसे बचाने के चक्कर में टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही भयंकर आग लग गई।
हादसे की सूचना पर बाड़मेर जिले की पचपदरा थाना पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। पचपदरा थाना अधिकारी प्रदीप डागा व बालोतरा सीओ धनफुल मीणा ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया।
करीब 2 घंटे तक फायर ब्रिगेड व पुलिस ने प्रयास कर आग पर काबू पाया। टैंकर चालक रणवीर सिंह व खलासी उम्मेद सिंह निवासी चिड़ावा झुंझुनूं आग में फंस गए। वो टैंकर के अंदर ही जिंदा जल गए। रणवीर और उम्मेद गुजरात खाद्य तेल लेकर पंजाब की ओर जा रहे थे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। दोनों शवों को पचपदरा के मोर्चरी में रखवाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications