राजस्थान: क्रूजर और ट्रक में हुई भीषण टक्कर, 11 लोगों की मौत, 7 घायल
नागौर, 31 अगस्त: राजस्थान के नागौर जिले में मंगलवार (31 अगस्त) की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक क्रूजर और ट्रक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों हादसे की जानकारी पुलिस को दी और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

यह हादसा 31 अगस्त की सुबह करीब पौने आठ बजे के आसपास श्रीबालाजी कस्बे के बाईपास पर हुआ है। बालाजी पुलिस स्टेशन के एसएचओ के मुताबिक, क्रूजर गाड़ी में सवार सभी लोग उज्जैन जिले के घटिया पुलिस स्टेशन के गांव सज्जन खेड़ा व दौलतपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग रामदेवरा में दर्शन करने के बाद देशनोक करणी माता के दर्शन कर जा रहे थे। इस बीच नागौर से नोखा की तरफ जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर मलबे में तब्दील हो गई। इससे क्रूजर में सवार लोग उसमें फंसकर रह गए। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बीकानेर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि सात लोगों को इलाज चल रहा है। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्तगी के प्रयास कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के नागौर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। पीएम ने कहा कि मैं इस दुर्घटना में मारे गए सभी लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं, हादसे में मारे गए लोगों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।
MP सरकार देगी हादसे में मारे गए लोगों को दो-दो लाख
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नागौर में हुए सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही 11 व्यक्तियों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।












Click it and Unblock the Notifications