पूर्व सीएम राजे के जन्मदिन की तैयारी, भगवान केशवराय के करेंगी दर्शन, बधाई देने उमड़ेंगे कार्यकर्ता
जयपुर, 25 फरवरी। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया का जन्मदिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी 8 मार्च को आता है। इस साल राजे अपना 69वां जन्मदिन मनाएंगीं। जन्मदिन के लिए राजे ने हाड़ौती के केशोरायपाटन को चुना है।

वसुंधरा राजे के जन्मदिन की तैयारियों को लेकर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कोटा में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, विद्याशंकर नंदवाना, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार, पूर्व यूआईटी चेयरमैन रामकुमार मेहता, भाजपा नेता रुपेश शर्मा की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
बता दें कि वसुंधरा राजे अपना जन्मदिन हर साल अनूठे अंदाज में मनाती हैं। पिछली बार गोवर्धन में जन्मदिन मनाया था। इस बार जन्मदिन की शाम को दीपदान कार्यक्रम भी रहेगा। हाड़ौती के चारों जिले कोटा, झालावाड़, बारां व बूंदी जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
उल्लेखनीय है कि वसुंधरा राजे का जन्म 8 मार्च 1959 को मुम्बई में हुआ। राजस्थान के धौलपुर राजघराने के हेमंत सिंह से वसुंधरा राजे की 1972 में शादी हुई। इनके एक बेटा दुष्यंत सिंह, जो झालावाड़ बारां सीट से सांसद है। वसुंधरा राजे लम्बे समय से भाजपा से जुड़ी हैं। राजस्थान की दो बार सीएम रह चुकी हैं। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहीं।
राजे ने पिछले साल तीन दिन की 'देव दर्शन' यात्रा निकालकर उदयपुर और अजमेर संभाग के विभिन्न मंदिरों में जाकर धोक लगाई थी। इस यात्रा के जरिए राजे ने अपनी सियासी ताकत का अहसास कराया था। अब फिर जन्मदिन पर भीड़ जुटाकर राजे अपनी ताकत दिखाएंगीं।












Click it and Unblock the Notifications