Rajasthan: दौसा से देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे के पहले फेज का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले-भारत का तेज विकास जरूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के दौसा में 18,100 करोड़ रुपए से अधिक की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के दिल्ली-दौसा-लालसोट सेक्शन का उद्घाटन किया।

PM Modi inaugurates Highway in Dausa: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजस्थान के दौसा में 18,100 करोड़ रुपए से अधिक की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम मोदी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड को जनका को समर्पित किया। सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले बीते 9 वर्षों से केंद्र सरकार भी निरंतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर बहुत बड़ा निवेश कर रही है।
देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे के पहले खंड का उद्घाटन
रविवार को पीएम मोदी ने देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे के पहले सेक्शन का उद्घाटन दौसा में किया। पीएम मोदीने 8 लेन वाला दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे दौसा से देश को समर्पित किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि यह विकसित होते भारत की भव्य तस्वीर है। जब ऐसी आधुनिक सड़कें बनती हैं तो देश की प्रगति को गति मिलती है।
दौसा में विशाल जनसभा को किया संबोधित
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया में किसी से भी कम ना हो। विकसित भारत बनने के लिए भारत का तेज विकास जरूरी है इसके लिए आने जाने के साधनों का तेज होना जरूरी है। पहले की सरकारें रेल रोड बनाने में जितना खर्च करती थी उससे कई गुना ज्यादा खर्च BJP कर रही है। रेल रोड पर लाखों के खर्च का बहुत बड़ा लाभ राजस्थान को हो रहा है। दशकों तक राजस्थान को कुछ लोगों को बीमारू राज्य कह कर चिढ़ाया है, BJP राजस्थान को विकसित देश का मजबूत आधार बना रही है। बीते 9 वर्षों से केंद्र सरकार रोड, रेल, गरीबों के लिए घर, हर घर में जल, बिजली ऐसे हर इंफ्रास्ट्रक्चर पर पैसा खर्च कर रही है। इस बार के बजट में भी गांव और गरीब की सुविधाएं बढ़ाने के लिए सबसे अधिक बल इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने यहां मेहंदीपुर बालाजी और धौलपुर में मुचुकुंड धाम का विकास भी किया है। अपने आस्था स्थलों का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में है। कांग्रेस की सरकारें सीमा से जुड़े गांवों और शहरों का इसीलिए विकास नहीं करती थीं क्योंकि वो डरती थीं कि कहीं दुश्मन हमारी ही बनाई सड़कों से चलकर देश के भीतर आ जाएगा। मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस क्यों हमारे सैनिकों के शौर्य और बहादुरी को कम आंकती रही है।
राजस्थान की गहलोत सरकार पर साधा निशाना
दौसा में पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस कैसे सरकार चला रही है ये किसी ये छिपा नहीं है। अभी कुछ दिन पहले बजट सत्र को दौरान जो कुछ हुआ उसकी चर्चा चारों तरफ है। मैं मानता हूं कि गलती किसी से भी हो सकती है, लेकिन लेकिन इससे पता चलता है कि कांग्रेस के पास ना विजन है ना उनके बातों में वजन रह गया है।
इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली है: PM मोदी
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जब ऐसी आधुनिक सड़कें बनती हैं, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, मेट्रो बनते हैं तो देश की प्रगति होती है। बीते 9 वर्षों से केंद्र सरकार भी निरंतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर बहुत बड़ा निवेश कर रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला निवेश, उससे भी अधिक निवेश को आकर्षित करता है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, ये राजस्थान की, देश की प्रगति के दो मजबूत स्तंभ बनने वाले हैं। ये परियोजनाएं आने वाले समय में राजस्थान सहित इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाले हैं।
Recommended Video
अब साढ़े तीन घंटे का सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दौसा से कहा कि इस साल के बजट में हमने इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 10 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। यह राशि 2014 में प्रावधानित राशि का पांच गुना है। इस निवेश से राजस्थान को काफी फायदा होने वाला है। आपको बता दें कि दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड 247 किमी लंबा है, जिसे 12150 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से तैयार किया गया है। इस खंड के शुरू हो जाने के बाद दिल्ली से जयपुर का सफर पांच घंटे से कम होकर लगभग साढ़े तीन घंटे रह जाएगा।
पीएम ने परियोजना प्रदर्शनी भी देखी
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दौसा में राष्ट्रीय सड़क परियोजना प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications