महिला को जंजीरों से बांधकर 'अपनों' ने किया गैंगरेप, फिर वो जंजीर बंधे ही इस हाल में पहुंची SP के पास
प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के घंटाली थाना इलाके में एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति व उसके रिश्तेदारों के खिलाफ जंजीरों से बांधकर रखने व गैंगरेप का आरोप लगाया है। पैरों में जंजीर बंधी हालत में शुक्रवार को प्रतापगढ़ एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उसके माता-पिता भी साथ थे।

प्रतापगढ़ पुलिस ने एसपी कार्यालय में ही मामला दर्ज कर पीपलखूंट उप अधीक्षक को जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, दूसरी ओर विवाहिता का पति भी अपने दो मासूम बच्चों को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। जहां उसने ससुर पर रुपयों के लिए उसकी पत्नी को अन्य युवक को बेचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता के पति के आरोपों को भी जांच के दायरे में लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि घंटाली थाना इलाके से एक विवाहिता अपने माता-पिता के साथ कार्यालय में आई। उसके एक पैर में लोहे की जंजीर बंधी हुई थी। उसने रिपोर्ट दी कि उसका पति के साथ गत कई माह से विवाद चल रहा है।
इस कारण वह गत दिनों से अपने पिता के पास रह रही थी। गत 28 जुलाई रात को उसका पति व कुछ अन्य लोग मोटरसाइकिलों से वहां आए। उसे अपने साथ जबरन उसके ससुराल ले गए। जहां एक कमरे में बंद कर दिया पति और उसके परिजनों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। लोहे की जंजीर को पैर में बांध दी। ताकि वह भाग नहीं सके। पुलिस के अनुसार दो दिन बाद वह शौच के बहाने वहां से निकली, जबकि पैर में जंजीर बंधी हुई थी। वह 10 किलोमीटर दूर अपने पिता के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची।
पीड़िता के पति के आरोप
दूसरी ओर उसका पति भी अपने दो मासूम बच्चों व परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। जहां रिपोर्ट में बताया कि दो वर्ष, चार वर्ष, 6 वर्ष, 10 वर्ष और 18 वर्ष के पांच बच्चे हैं। उसका ससुर पत्नी को गांव के ही एक युवक को रुपए लेकर सौंपना चाहता है। इस कारण वह बलात्कार और जंजीर में बांधने का झूठा मामला दर्ज करा रही है।












Click it and Unblock the Notifications