राजस्थान : भंडारे के पंडाल में करंट फैलने से मची अफरा-तफरी, युवक ने सबके सामने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम
धौलपुर, 13 जून। राजस्थान में एक भंडारे के पंडाल में करंट फैल गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई और एक दर्जन लोग झुलस गए। इनसे से एक को गंभीर हालत में आगरा के अस्पताल में रैफर करना पड़ा है। हादसा धौलपुर के जिले के मनियां पुलिस थाना इलाके में रविवार का हुआ। हादसे के शिकार हुए राजकुमार की करीब 8 माह पहले ही शादी हुई थी। करंट की चपेट में आने से झुलसे 7 अन्य घायलों को सूआ का बाग मनियां स्थित कलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि मनियां पुलिस थाना इलाके के सकतपुर गांव में गोकुल सिंह बघेल की ओर से भागवत कथा सप्ताह का आयोजन करवाया गया। रविवार को उसका भंडारा था। इस दौरान दोपहर में तेज आंधी आई। इससे टेंट उड़ने लगा। वहां मौजूद लोगों ने टेंट को पकड़ने की कोशिश की। तब टेंट का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को छू गया। इससे पंडाल और उसके लोहे के अन्य खंभों में करंट दौड़ गया।
करंट आते ही करीब दर्जनभर लोग उसकी चपेट में आ गए और वहां चीख पुकार मच गई। इनमें से दो लोगों को गंभीर हालत में धौलपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने मुस्तफाबाद निवासी राजकुमार कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सकतपुर निवासी भोला की गंभीर हालत को देखते हुये उसे प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए उसे आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।












Click it and Unblock the Notifications