राजस्थान के कोटा से सांसद ओम बिरला दूसरी बार बने स्पीकर, दिल्ली से लेकर कोटा तक जश्न
Om Birla Speekar : राजस्थान के कोटा से सांसद ओम बिरला के दूसरी बार लोकसभा में स्पीकर पद पर निर्वाचित होने पर दिल्ली से लेकर गृह नगर कोटा तक जश्न का माहौल है। भाजपाइयों से लेकर परिवारजन भी आतिशबाजी के साथ मिठाइयां बांट रहे है।
लोकसभा स्पीकर का चुनाव जीतने के बाद ओम बिरला 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। उनकी इस जीत का जश्न कोटा में भी मनाया जा रहा है। भाजपाई सड़कों पर उतरकर आतिशबाजी कर रहे हैं और एक दूसरे को मिठाइयां खिला रहे हैं।

ओम बिरला के लगातार दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष बनते ही उनके संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी में जश्न शुरू हो गया है। बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर आकर एक दूसरे को मिठाईयां खिला रहे हैं और आतिबाजी करके जश्न मना रहे हैं।
धीरे-धीरे यहां भीड़ जुटने लगी है। सभी के चेहरे पर एक हल्की मुस्कान है और वह ओम बिरला को 18वीं लोकसभा का अध्यक्ष चुने जाने पर जश्न में डूबे हुए हैं।
इस दौरान की कई वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें युवा कार्यकर्ता आतिबाजी करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाते नजर आ रहे हैं।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी एक्स पर एक पोस्ट करते हुए ओम बिरला को बधाई दी है। उन्होंने लिखा, 'कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र से सांसद ओम बिरला को 18वीं लोकसभा में पुनः लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके अनुभव, कर्मठता एवं लोकहित के प्रति समर्पण से सदन का गौरव उत्तरोत्तर बढ़ेगा और संसदीय मर्यादाओं का एक नूतन अध्याय रचा जाएगा, जिससे राजस्थान का मान बढ़ेगा व भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिलेगी। राजस्थान परिवार की ओर से उज्ज्वल कार्यकाल हेतु हार्दिक मंगलकामनाएं।
वहीं राजस्थान की डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने ओम बिरला के साथ वाली एक तस्वीर शेयर करते हुए एक्स पर लिखा कोटा-बूंदी से सांसद ओम बिरला को लोकसभा अध्यक्ष पद पर पुनः चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं।
इसी तरह राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री किरोड़ लाल मीणा ने एक्स पर लिखा, 'कोटा-बूंदी (राजस्थान) संसदीय क्षेत्र से सांसद ओम बिरला को 18वीं लोकसभा में पुनः लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं।
आपकी कार्यशैली एवं कुशल नेतृत्व में सदन की कार्यवाही व्यवस्थित व सुगम रूप से संचालित होगी और संसदीय कार्यप्रणाली को और मजबूती मिलेगी।
कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला दूसरी बार फिर लोकसभा अध्यक्ष बन गए हैं। बिरला के पुन: स्पीकर बनने पर शिक्षा नगरी में खुशी का माहौल है।
संसदीय क्षेत्र में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सदन में लोकसभा अध्यक्ष बिरला के लिए कहा,"यह सदन का सौभाग्य है कि आप दूसरी बार इस आसन पर विराजमान हो रहे हैं।
आपको मेरी और इस पूरे सदन की तरफ से बहुत शुभकामनाएं। अमृतकाल के इस महत्वपूर्ण कालखंड में दूसरी बार इस पद पर विराजमान होना बहुत बड़ा दायित्व आपको मिला है। हम सबका विश्वास है कि आप आने वाले 5 साल हम सबका मार्गदर्शन करेंगे।
बिरला 19 जून, 2019 को सर्वसम्मति स्पीकर बने थे
बिरला भारत की 17वीं लोक सभा के अध्यक्ष हैं। ओम बिरला का जन्म 23 नवंबर, 1962 को कोटा, राजस्थान में हुआ। ओम बिरला 19 जून, 2019 को सर्वसम्मति से 17वीं लोक सभा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
ओम बिरला का राजनीतिक सफरनामा
बिरला वर्ष 2003, 2008 व 2013 में तीन बार विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2014, 2019 तथा 2024 में कोटा-बूंदी लोक सभा संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गए।
राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। सहकारी नेता के रूप में देश में अपनी विशेष पहचान काम बनाई थी।
संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई अहम पदों पर रह चुके हैं। संसदीय सचिव भी रहे चुके है।
एक साधारण परिवेश से निकल कर देश की सर्वोच्च जनप्रतिनिधि संस्था के अध्यक्ष पद पर पहुंचने की बिरला की यात्रा एक आदर्श और प्रेरक यात्रा है। वे सादा जीवन उच्च विचार के श्रेष्ठ उदाहरण हैं। जनता से उनका जुड़ाव और उनके प्रति समर्पण उन्हें एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि बनाता है।
एक संवेदनशील, जिम्मेदार और निष्ठावान जनप्रतिनिधि के रूप में बिरला अपने संसदीय क्षेत्र के प्रति निरंतर समर्पित रहे हैं।
बिरला अपने प्रारम्भिक राजनीतिक जीवन से ही एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहकर गरीबों और समाज के दलित-वंचित वर्गों की सेवा करते रहे हैं।
अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने 'प्रसादम', 'परिधान', 'कंबल प्रकल्प', 'सुपोषित माँ अभियान', 'हर गाँव स्वस्थ - हर परिवार स्वस्थ', 'मोबाईल हेल्थ वैन', 'वृहत वृक्षारोपण अभियान', 'क्लीन कोटा ग्रीन कोटा', 'कोटा बूंदी खेल महोत्सव' तथा 'एक मुट्ठी अन्न राहत अभियान' जैसे अनेकानेक जन-केंद्रित प्रकल्प संचालित किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications