Nusrat Mirza Row: BJP ने किए हामिद अंसारी से सवाल तो बोले सीएम गहलोत- 'ये प्रतिशोध की पराकाष्ठा है'
जयपुर, 17 जुलाई। बीजेपी पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर पाकिस्तानी पत्रकार नुसरत मिर्जा को लेकर लगातार निशाना साध रही है। जिस पर भड़कते हुए सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि 'कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी पर आरोप लगाकर भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध की पराकाष्ठा दिखा रही है। एक पाकिस्तानी व्यक्ति द्वारा लगाए गए छिछले आरोपों पर पूर्व उपराष्ट्रपति श्री हामिद अंसारी जैसे व्यक्तित्व पर सवाल उठाना भी BJP का असली चेहरा दिखाता है।'

आपको बता दें कि बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को एक तस्वीर दिखाई थी जिसमें पाकिस्तानी पत्रकार नुसरत मिर्जा और पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी एक मंच पर थे। ये फोटो साल 2009 के एक सम्मेलन की थी जो कि आतंकवाद के मुद्दे पर हुई थी। उस वक्त नुसरत मिर्जा मेहमान बनकर भारत आई थीं। मालूम हो कि नुसरत मिर्जा ने हाल ही में खुलासा किया है कि उन्होंने इंडिया आकर ISI के लिए जासूसी का काम किया था, वो भारत अंसारी के ही निमंत्रण पर आई थीं।
जिसके बाद भाजपा उबल पड़ी है और वो हामिद अंसारी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साध रही है और पूछ रही हैं कि आखिर हामिद और नुसरत एक साथ एक मंच पर क्या कर रहे थे? हालांकि बीजेपी के सभी आरोपों को सिरे से अंसारी ने खारिज कर दिया है। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के कार्यालय की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि वह पाकिस्तानी पत्रकार नुसरत मिर्जा को कभी नहीं जानते थे, उन्होंने कभी भी किसी को किसी भी सम्मेलन के लिए नहीं बुलाया है। जो कुछ भी कहा जा रहा है,उसमें कतई भी सच्चाई नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications