Mukesh Kumar Meena : राजस्थान के वे IPS जो केजरीवाल सरकार से तनातनी को लेकर सुर्खियों में रहे
भरतपुर। अपने गांव से पहले आईपीएस और दिल्ली की केजरीवाल सरकार से सीधी टक्कर लेने वाले पुलिस अफसर मुकेश कुमार मीना फिर सुर्खियों में हैं। इन्हें अब गोवा पुलिस का नया डीजीपी (DGP) बनाया गया है। इससे पहले ये मिजोरम में एडीजीपी के पद पर कार्यरत थे। मुकेश कुमार मीना मूलरूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के भूसावर के पास नीठार गांव के रहने वाले हैं। मीना के भतीजे सुनील नीठार ने बयां किया उनका छोटे गांव में पैदा होने से लेकर गोवा के डीजीपी बनने तक का सफर।

आईपीएस मुकेश कुमार मीना का परिवार
सुनील ने बताया कि मुकेश कुमार मीना गांव नीठार के धन्नालाल मीना के मझले बेटे हैं। धन्नालाल कृषि विभाग जयपुर में उपनिदेशक थे। इनके दूसरे जगमोहन लाल भूसावर के पास स्कूल में प्रिंसपल हैं। तीसरे भाई डॉ. दिनेश चन्द मीणा दौसा कॉलेज में समाज शास्त्र के सहायक आचार्य हैं। 15 हजार की आबादी वाले गांव नीठार से सबसे पहले आईपीएस मुकेश कुमार मीना बने। इनके दो बेटे रमयक व निरमय हर्ष हैं। पत्नी डॉ. संतोष गृहिणी हैं।

दिल्ली सरकार के घोटालों की पोल खोली
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मुकेश कुमार मीना की गिनती दिल्ली पुलिस के तेजतर्रार अफसरों में होती है। इन्होंने दिल्ली एंटी करप्शन ब्रांच में रहते हुए दिल्ली की केजरीवाल सरकार से सीधी टक्कर ली थी। 1989 बैच के आईपीएस मीना दिल्ली एसीबी चीफ रहते हुए दिल्ली सरकार के कई घोटालों की पोल खोली थी। जिस पर दिल्ली पुलिस और केजरीवाल सरकार के बीच काफी विवाद भी रहा था। इधर, छह माह पूर्व गोवा में डीजीपी प्रणय नन्दा के निधन के बाद यह पद खाली था। अब पांच दिन पहले इस पद पर मुकेश कुमार मीना को लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications