सांसद हनुमान बेनीवाल-कैलाश चौधरी को दिल्ली में नहीं मिला सरकारी आवास, जानिए फिर कहां रह रहे दोनों
सांसद बने- मगर नहीं मिला सरकारी आवास, गेस्ट हाउस में रह रहे कैलाश चौधरी- हनुमान बेनीवाल
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 को हुए आठ माह हो गए, मगर राजस्थान के दो सांसदों को अभी तक दिल्ली में सरकारी आवास नहीं मिल पाया है। फिलहाल राजस्थान के ये दोनों सांसद एक गेस्ट हाउस में रह रहे हैं। एक नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल हैं तो दूसरे बाड़मेर सांसद कैलाश चौधरी हैं। सांसद कैलाश चौधरी तो मोदी सरकार में मंत्री भी हैं, लेकिन अब तक उन्हें रहने के लिए सरकारी आवास पर कब्जा नहीं मिल सका है।

आवास आवंटित, मगर कब्जा नहीं मिल सका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंत्री चौधरी को आवास तो आवंटित किया जा चुका है, लेकिन अभी तक इसके खाली नहीं होने से कब्जा नहीं मिल सका है। दूसरी ओर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल को भी सरकारी आवास नहीं मिल सका है। ऐसे में दोनों ही सरकारी गेस्ट हाउस में रह रहे हैं। गेस्ट हाउस का बिल भी दोनों का लाखों रुपए का बन चुका है। बाड़मेर-जैसलमेर से सांसद चुने गए कैलाश चौधरी केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने के साथ ही 29 मई को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री बनाए गए थे। लेकिन अब तक उन्हें सरकारी आवास नहीं मिलने के कारण पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आइसीएआर) परिसर के गंगा इंटरनेशनल गेस्ट हाउस में रह रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक गेस्ट हाउस के किराए की बिल करीब 15 लाख बन चुका है। ऐसे में यहां उनके संसदीय क्षेत्र से आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंत्री चौधरी को यह आवास हुआ था आवंटित
कैलाश चौधरी को मंत्री बनने के कुछ समय बाद ही उन्हें 22 मदर टेरेसा क्रिसेंट आवास आवंटित हो गया था, लेकिन केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत वहां पहले से रह रहे हैं। पिछली सरकार में शेखावत राज्य मंत्री थे और अब उन्हें कैबिनेट का दर्जा दिया गया है। ऐसे में उन्हें 12 अकबर रोड पर आवास आवंटित हुआ, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु के पास था। गत माह तक प्रभु यहीं जमे हुए थे जबकि उनको 19 तीन मूर्ति लेन का आवास आवंटित हो चुका है। तीन मूर्ति लेन स्थित इस आवास में पूर्व केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी रह रहे थे। पिछली सरकार में वे राज्य मंत्री थे और उसी नाते उन्हें यह आवास मिला था। अब मंत्री नहीं हैं लेकिन उन्हें अब यह सामान्य श्रेणी से पुन: आवंटित कर दिया गया है। इस संबंध में केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी कहते हैं कि उम्मीद है बंगले का समाधान जल्दी हो जाएगा। आवास आवंटन तो हो गया लेकिन कुछ कारणों से उसमें अभी शिफ्टिंग नहीं कर सके हैं।

बेनीवाल ने राजस्थान हाउस में ही डाला हुआ पड़ाव
राजस्थान पत्रिका की खबर के अनुसार नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल भी शुरुआत से ही राजस्थान हाउस में ठहरे हुए हैं। आवास नहीं मिलने की वजह से उन्होंने अपने सहयोगियों और सुरक्षाकर्मियों के लिए भी यहीं लगातार कमरा लिया हुआ है। इस तरह इनका भी बिल काफी बन चुका है। बेनीवाल को साउथ एवेन्यू के सांसद आवास में फ्लैट आवंटित किया गया था लेकिन बड़े आवास की आवश्यकता का हवाला देकर उन्होंने इसे लेने से इंकार कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications