Rajasthan: प्रदेश में मानसून का कहर, अजमेर,धौलपुर में स्कूलों की छुट्टियां, जनजीवन प्रभावित
Rajasthan News: राजस्थान में लगातार मानसून के कहर से आमजन का जनजीवन पूरी तरह से बेपटरी हो गया है। आज भी मौसम विभाग ने 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उधर अजमेर में बाढ़ के हालात बने हुए तो धौलपुर में हालात बेपटरी नजर आ रहे है।
प्रदेश में लगातार जारी बारिश के चलते अजमेर और धौलपुर में आज स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। गुरुवार 12 अगस्त को राज्य के दोनों जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी की गई है।
राजस्थान में भारी बारिश के अलर्ट के बाद अजमेर और धौलपुर जिले के सरकारी और गैर सरकारी स्कूल में गुरुवार को छुट्टी घोषित की गई है। जिला कलेक्टर लोकबंधु ने यह आदेश जारी किया है। हालांकि स्टाफ को इस दौरान ड्यूटी पर जाना होगा।

आज इन इलाकों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
गुरुवार को प्रदेश के सात जिले अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आज राज्य के 20 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इन जिलों में अजमेर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनू, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, चूरू, जोधपुर, नागौर और पाली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार वेलमार्क लो प्रेशर फिर से तीव्र होकर डिप्रेशन बन गया है। फिलहाल यह उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना हुआ है।
आज इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिमी यूपी की ओर आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। कम दबाव के इस क्षेत्र की वजह से 12 सितंबर गुरुवार से 14 सितंबर शनिवार तक पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने और मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है.
प्रदेश के बांधों की स्थिति की बात करें तो कुल 691 बांधों में से 366 बांध ओवर फ्लो हो चुके हैं। जबकि मानसून की शुरुआत में प्रदेश में मात्र 5 बांध ही भरे हुए थे।
बड़े बांध लगभग 90 प्रतिशत क्षमता तक भर चुके हैं। प्रदेश के 27 जिलों में सामान्य से अत्यधिक वर्षा हुई है। वहीं 16 जिलों में सामान्य से अधिक तथा सात जिलों में सामान्य वर्षा हुई है।
खास तौर पर भरतपुर, जयपुर, कोटा और अजमेर संभाग में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश का दौर शुक्रवार तक जारी रहने की संभावना है।।
राज्य में 14-15 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने और कुछ भागों में हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications