भीलवाड़ा : शाहपुरा में ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग, 5 KM दूर तक दिखीं आग की लपटें, दो चौकीदार लापता
भीलवाड़ा, 1 मार्च। राजस्थान के भीलवाड़ा के शाहपुरा में भीषण आगजनी हुई है। यहां पर ऑयल फैक्ट्री में आग लगी है। आग में दो चौकीदारों के लापता होने की खबर है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

बता दें कि ऑयल फैक्ट्री में आगजनी के वक्त 50 हजार लीटर फूड ऑयल का स्टॉक होने के कारण आग ने देखते-देखते ही भयंकर रूप ले लिया। तेज धमाके हुए।
करीब 5 किलाेमीटर दूर तक आग की लपटें नजर आईं। पुलिस ने आसपास के मकानों को खाली करा दिया है। तीन दमकल और फायर ब्रिगेड की टीमें 7 घंटे में आग पर काबू पा सकीं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। धमाकों की आवाज और लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत है। मलबे मे चौकीदारों की तलाश की जा रही है।
आग की सूचना पर शाहपुरा तहसीलदार नारायण लाल जीनगर मौके पर पहुंचे है। तहसीलदार ने बताया कि फैक्ट्री आवासीय बस्तियों के बीच में थी, यह अवैध है। पूरे मामले की जांच की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी इलाके में फैक्ट्रियां संचालित होने की शिकायत की है।
मीडिया से बातचीत में शाहपुरा थाना प्रभारी घनश्याम सिंह देवड़ा बताया कि जहाजपुर रोड पर मुकेश लड्ढा की तेल फैक्ट्री है। इसमें खाने के तेल के पैकिंग का काम किया जाता है। करीब 50 हजार लीटर तेल इस फैक्ट्री में पड़ा था।
रात को दो चौकीदार रहते हैं। मगर अब तक उनका पता नहीं चला हैं। आग के बाद बाहर निकले या नहीं कुछ पता नहीं चल रहा हैं। फैक्ट्री के आसपास रिहायशी इलाका है। सुरक्षा कारणों से आसपास के घर खाली करवाए गए हैं। आग बुझाने के बाद अब मलबा हटाया जा रहा है और चाैकीदारों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications