स्वतंत्रता आंदोलन के पहले क्रांतिकारी मंगल पांडे की जयंती आज, राजस्थान के सीएम गहलोत ने किया याद
जयपुर, 19 जुलाई। आज पूरा देश अपने वीर सपूत मंगल पांडे को याद कर रहा है। सीएम अशोक गहलोत ने मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे की जयंती के मौके पर उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। मालूम हो कि वीर नायक मंगल पांडे का जन्म 19 जुलाई 1827 को उत्तर प्रदेश में बलिया के निकट नगवा गांव में सरयुपारी ब्राह्मण के घर हुआ था।

सीएम गहलोत ने ट्वीट किया कि '1857 में भारत के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के नायक मंगल पाण्डेय जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। शाही ताकतों को ललकारने में उनका अनुकरणीय साहस और पराक्रम आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करेगा।'
तो वहीं कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट ने भी ट्वीट किया है कि 'सन् 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत, महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि के प्रति उनका त्याग, समर्पण एवं बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।'
भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के पहले ऐसे क्रांतिकारी थे
मालूम हो कि मंगल पांडे, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के पहले ऐसे क्रांतिकारी थे, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद किया था। मात्र 18 साल की उम्र में वो ईस्ट इंडिया कंपनी की 34वीं बंगाल नेटिव इंफेन्ट्री में एक सैनिक के तौर पर शामिल हुए थे। मंगल पांडेय ने अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ बिगुल फूंका था। इसलिए उन पर बगावत का आरोप लगाकर अंग्रेजी सरकार उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications