राजस्थान के झुंझुनू में बड़ा सड़क हादसा, 8 की मौत, 26 लोग घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख
राजस्थान के झुंझुनू में ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिर गई। इस हादसे में 6 महिला, दो नाबालिग समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 26 लोग हादसे में घायल हुए हैं।

राजस्थान के झुंझुनू जिले में सोमवार को बड़ा हादसा सामने आया है, यहां एक ट्रैक्टर ट्रॉली गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के अुसार जिन लोगों की मौत हुई है उसमे 6 महिलाएं और दो नाबालिग शामिल हैं।
झुंझुनू पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 'यह हादसा उस वक्त हुआ जब सोमवार की शाम को पीड़ित हिलटॉप मंदिर से वापस लौट रहे थे। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। ऐसा लगता है कि ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया और ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में नीचे जा गिरी। हादसे के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया और घायलों को यहां से अस्पताल पहुंचाया गया।'
मालूम हो कि सभी पीड़ित लोग मनसा माता मंदिर से वापस लौट रहे थे। मनसा माता मंदिर पर धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था, इसी में हिस्सा लेने के लिए ये लोग पहुंचे थे। मंदिर से तकरीबन एक किलोमीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ ।
मंत्री राजेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे
प्रदेश सरकार में मंत्री राजेंद्र सिंह गुधा हादसे के बाद घायलों का हाल जानने के लिए सीएचसी पहुंचे। उन्हें स्थानीय लोगों से इस हादसे की जानकारी मिली थी।
पीएम मोदी ने जताया दुख
तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह ट्वीट करके हादसे पर दुख जताते हुए 'पीएम राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की है।'












Click it and Unblock the Notifications