प्यार करने वालों को 'तालिबानी सजा', सबके सामने धारदार हथियारों से प्रेमी जोड़े की हत्या, देखें वीडियो
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा पुलिस थाना इलाके के गांव कसियापुरा में प्रेमी जोड़े को 'तालिबानी सजा' दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने प्रेमी जोड़े पर धारदार हथियारों से वार कर उनकी हत्या कर दी है। वारदात शनिवार दोपहर की है। वारदात के 24 घंटे के अंदर ही एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
Recommended Video

इन पर लगाए गए हैं आरोप
धौलपुर के राजाखेड़ा थाना पुलिस थाने में दर्ज कराए गए मामले में पीड़ित रामरूप पुत्र हरगोविंद निवासी लायकपुरा की धार ने बताया कि शनिवार दोपहर को वह अपने घर में बैठा हुआ था। घर के कमरे में उसका पौत्र बंटू सिंह सो रहा था। तभी गांव के नरपत सिंह, चौब सिंह, अमरसिंह, अंगन लाल समेत एक दर्जन से अधिक लोग हथियार, सरिया व कुल्हाड़ी लेकर घर मे घुस आए।

घर में घुसकर उठा ले गए युवक को
आरोपियों ने घर में घुसकर परिवार के सभी सदस्यों पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। उसके बाद जिस कमरे में बन्टू सिंह सो रहा था। उसके दरवाजे को कुल्हाड़ी से तोड़ दिया। आरोपियों ने बंटू को बंधक बनाकर घर से बाहर निकालकर नीम के पेड़ के नीचे ले गए। जहां आरोपियों की पुत्री भी साथ में थी।

युवक की मौके पर हुई मौत
आरोपियों ने बन्टू एवं युवती पर लाठी-डंडों एवं सरियों से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। आरोपियों ने पीट-पीटकर मौके पर ही बंटू की निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने अपनी पुत्री को भी पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

युवती ने अस्पताल के रास्ते में तोड़ा दम
वारदात की सूचना पीड़ित पक्ष ने स्थानीय राजाखेड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। मृतक युवक का शव कब्जे में लेकर राजाखेड़ा सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं गंभीर रूप से घायल हुई युवती को राजाखेड़ा के अस्पताल में पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे धौलपुर जिला अस्पताल रैफर किया गया, मगर रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

कलक्टर-एसपी भी पहुंचे मौके पर
उधर, मामले की सूचना पाकर धौलपुर एसपी मृदुल कच्छावा, धौलपुर जिला कलक्टर आरके जायसवाल और राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा भी देर शाम घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया। एसपी कच्छावा ने पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा-एसपी धौलपुर
धौलपुर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। दोनों की हत्या के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच से चलेगा। मामले के सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम उनके संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications