Phalodi Satta Bazar: देश का सबसे पुराना सट्टा बाजार क्यों कहलाता है 'फलोदी'? भाव लगाने के तरीके भी हैं अलग
Phalodi Satta Bazar in Hindi: देश में इस वक्त लोकसभा चुनाव 2024 के कारण सरगर्मियां काफी बढ़ी हुई हैं, चुभती गर्मी में भी दिग्गजों की ओर से चुनावी प्रचार जारी है, देश में दो चरणों के मतदान हो चुके हैं। पहले चरण में 102 सीटों पर और दूसरे चरण में 80 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है, कहीं वोटिंग कम तो कहीं ज्यादा है।
जहां एक ओर राजनेता तीसरे चरण के लिए जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजस्थान के एक शहर की चर्चा भी चारों ओर हो रही है क्योंकि यहां के सट्टे बाजार में जमकर लोग राजनीतिक पार्टियों, नेताओं और सीटों पर दांव लगा रहे हैं।

जी हां, हम बात कर रहे हैं फलोदी सट्टा बाजार की, मालूम हो कि यहां का सट्टा बाजार दस-बीस साल पुराना नहीं बल्कि 500 साल पुराना है, जिसके तार पूरे देश में फैले हुए हैं और माना जाता है कि यहां करोड़ों का सट्टा खेला जाता है।
फलोदी में खेली जा रही है 500 साल से बाजी
एनडीटीवी की खबर के मुताबिक यहां 500 साल से सट्टा खेला जा रहा है, हालांकि राज्य के दूसरे शहर बीकानेर और शेखावटी में सट्टेबाजी होती है लेकिन इस मामले में फलोदी ने जो स्थान बनाया है, वहां दूसरा कोई शहर नहीं पहुंच पाया है। यहां के मार्केट का मोल-भाव अन्य बाजार जैसा नहीं है।
चुनाव, क्रिकेट, फिल्म.... सब पर लगता है सट्टा
यहां पर अगर किसी पार्टी पर या किसी सामान पर कम भाव लगा है तो इसका अर्थ ये नहीं हुआ कि वो पार्टी कमजोर है या फिर वो सामान खराब है। आपको मालूम हो कि यहां पर लोग सियासी पार्टियों पर, क्रिकेट पर और फिल्मों पर भी सट्टा लगाते हैं। कहा जाता है कि सटोरिये लोगों से मिलते हैं और बातचीत के आधार पर सट्टा लगाते हैं।
'नमक की नगरी' के नाम से मशहूर है फलोदी जिला
मालूम हो कि फलोदी जिला राजस्थान का सबसे ड्राई जिला है, इसे लोग 'नमक की नगरी' भी कहते हैं। वीकिपीडिया के मुताबिक श्री सिद्धू कल्ला ने विक्रम संवत 1515 में 'फलवृधिका' नामक गांव की स्थापना की थी, जो आगे चलकर 'फलोदी' जिला बन गया।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव की भविष्यवाणी सही निकली
10 मई 2023 को कर्नाटक में विधान सभा चुनाव हुए थे, रिजल्ट आने से पहले फलोदी के सट्टा बाजार ने ऐलान किया था कि इस चुनाव में कांग्रेस को 137 और बीजेपी को 55 सीटें मिलेंगी और जब चुनावी परिणाम सामने आए तब कांग्रेस को 135 और बीजेपी को 66 सीटें मिली थीं। मतलब साफ है कि फलोदी का आंकलन काफी हद तक सही निकला था।
हिमाचल चुनाव में भी सही साबित हुआ था फलोदी सट्टा बाजार
हिमाचल विधानसभा चुनाव के दौरान भी फलौदी ही अकेला सट्टा बाजार था, जिसने कहा था कि यहां पर कांग्रेस जीतेगी।
इस बार भी की है ये भविष्यवाणी
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के दो चरणों के मतदान खत्म हो चुके हैं और अभी तक 25 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। पहले फेज में 12 औऱ दूसरे चरण मेंं 13 सीटों पर मतदान हुआ है। फलोदी बाजार में जोधपुर लोकसभा सीट पर अपने भाव तय कर दिए है।
गजेंद्र सिंह शेखावत को बताया विजयी!
जोधपुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत की शाख दांव पर है, फलोदी के मुताबिक वो विजयी होंगे, आपको बता दें कि इस सीट पर बीजेपी का भाव 25 पैसे और कांग्रेस का भाव 4 रुपए लगा है। इस बार फलोदी का ये अंदाजा सही साबित होता है या नहीं, इसका पता तो 4 जून को चलेगा, जब चुनावी परिणाम घोषित होंगे।












Click it and Unblock the Notifications