Lok Sabha Chunav 2024: सीकर में बाबा vs किसान नेता में कौन जीतेगा? खुद अमराराम कर रहे EVM की रखवाली
Swami Sumedhanand Saraswati vs Amra Ram: लोकसभा चुनाव 2024 में सीकर संसदीय क्षेत्र में अबकी लाल सलाम या भगवा? बाबा जीतेगा या किसान नेता? स्वामी सुमेधानंद सरस्वती तीसरी बार या अमराराम पहली संसद पहुंचेंगे? इन सारे सवालों के जवाब 4 जून को मतगणना से मिलेंगे।
सीकर लोकसभा सीट पर स्वामी सुमेधानंद सरस्वती और अमराराम की किस्मत का फैसला 19 अप्रैल हो चुका है। मतदाताओं के मन की बात ईवीएम में बंद हैं। ईवीएम कड़ी सुरक्षा में सीकर जिला मुख्यालय स्थित श्री कल्याण बालिका महाविद्यालय में रखवाई गई हैं।

यूं तो सीकर जिला प्रशासन व पुलिस ने एसके गर्ल्स कॉलेज में रखी EVM की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। हथियारबंद सुरक्षाकर्मी 24 घंटे तैनात हैं, मगर कांग्रेस-माकपा इंडिया गठबंधन उम्मीदवार अमराराम खुद भी ईवीएम की सुरक्षा में लगे हुए हैं।
एसके बालिका महाविद्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में अमराराम EVM रखवाली कर रहे हैं। कंट्रोल रूम में CCTV में स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं। इसके लिए आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट तय कर रखी है। हर शिफ्ट के लिए अमराराम खुद समेत कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगा रखी है।

अमराराम के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार ओमप्रकाश व महेश कुमार भी निगरानी कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत में अमराराम का कहना है कि ईवीएम की रखवाली करना मेरी जिम्मेदारी है। हमने सीकर जिला निर्वाचन अधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद ईवीएम की रखवाली की इजाजत मिली है।
अमराराम vs स्वामी सुमेधानंद सीकर
सीकर सीट पर स्वामी सुमेधानंद सरस्वती व अमराराम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ है। स्वामी सुमेधानंद दो बार से सांसद हैं जबकि अमराराम पूर्व विधायक रह चुके हैं। दोनों ही जाट समाज से हैं। अमराराम के प्रभाव वाले इलाके दांतारामगढ़ व धोद में जोरदार वोटिंग हुई। सियासत के जानकार पूरी सीकर सीट पर अमराराम को बढ़त बता रहे हैं।
सीकर में लोकसभा चुनाव 2024 में मतदान
19 अप्रैल 2024 को हुए राजस्थान की 12 सीटों पर 57.65 प्रतिशत मतदान हुआ था। सीकर में 57.53 वोट पड़े। सीकर संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इनमें से चौमूं में 59.85, दांतारामगढ़ में 60.93, धोद में 62.58, खंडेला में 55.71, लक्ष्मणगढ़ में 58.37, नीमकाथाना में 50.27, सीकर में 63.39 व श्रीमाधोपुर में 48.58 प्रतिशत मतदान हुआ है।
दूसरे चरण की 13 सीटें पर 26 को मतदान
राजस्थान में दूसरे चरण के मतदान वाली 13 सीटों में टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर-जैसलमेर, जालौर-सिरोही, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा, झालावाड़ शामिल हैं। इन सीटों पर 26 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications