Rajasthan: BJP नेता को आजाद ग्रुप की धमकी, लिखा-'हमारी बात हल्के में ली तो खदान- जान, दोनों खो बैठेगा'
राजस्थान के नीमकाथाना में भाजपा नेता और सीकर जिला उपाध्यक्ष दौलतराम गोयल को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोमवार को एक वीडियो भी वायरल हुआ है। धमकी देने वाले ने खुद को आजाद ग्रुप से जुड़ा हुआ बताकर 25 लाख रुपए की रंगदारी भी मांगी है।

नीमकाथाना एएसपी शालिनी राज के अनुसार भाजपा नेता दौलतराम गोयल का प्रीतमपुरी में क्रेशर है। उस पर रविवार रात दस बजे तीन युवक सवार होकर आए। वे क्रेशर पर काम कर रहे मजदूर मक्खन लाल, पुष्पेंद्र सिंह, छीतरमल सैन और सायर धानका के पास पहुंचे और एक धमकी भरा पत्र देते हुए कहा कि ये कागज तेरे सेठ को दे देना और कहना कि हमारी बात हल्के में ली तो खदान और जान, दोनों खो बैठेगा। 6 महीने तेरी रेकी की है। तू खदान और घर कब आता-जाता है। अगर कांटा तुलाई मशीन लगाने से पहले हमसे संपर्क करके 25 लाख रुपए नहीं दिए तो तुझे जान से मार देंगे। चाहे तू किसी से भी सिक्योरिटी मांग लेना।
आरोपियों ने धमकी भरे पत्र में कुछ यूं लिखा-'वीर तेजा जय बजरंग बली। आजाद ग्रुप गैंग नीमकाथाना। खदान और जान दोनों खो बैठेगा। छह माह से तरेी रैकी की है। तु खदान और घर कब आता जाता है। पत्र पर संदीप सोलेल उर्फ सुखा प्रीतमपुरी व दीपक (महाकाल) हरिपुरा का नाम लिखा हुआ है।
क्रेशर मजदूर मक्खन लाल ने आरोपियों के खिलाफ नीमकाथाना जिले के थोई पुलिस थाने में फिरौती मांगने और क्रेशर मालिक को जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में यह भी बताया कि लेटर देकर बदमाश भागने लगे तो मजदूर ने पकड़ने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने 2 राउंड फायरिंग कर दी। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम को लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications