करौली हिंसा : शोभयात्रा पर पथराव के लिए बनाई गई थी प्लानिंग, एक घर में जमा थे 150 उपद्रवी
करौली, 6 अप्रैल। राजस्थान के करौली शहर में हुई साम्प्रदायिक हिंसा को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। खबर है कि नव संवत्सर पर हिंदू संगठनों की ओर से निकाली गई शोभायात्रा पर योजना बनाकर पथराव किया गया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

36 दुकानों को लगाई आग
करौली हिंसा की वजह से शहर में चौथे दिन भी कर्फ्यू लगा रहा। नेट बंदी भी जारी। हिंसा में 36 दुकानों में आग लगाई गई और करीब 70 मोटरसाइकिल फूंक दी गई। करौली पुलिस ने 46 लोगों को गिरफ्तार भी किया।

सोची समझी साजिश थी करौली हिंसा
राजस्थान पुलिस भले ही करौली हिंसा की पुख्ता वजह का पता नहीं लगा पाई है। खुद सीएम अशोक गहलोत करौली हिंसा को लेकर केंद्र पर निशाना साध रहे हैं, मगर मीडिया की ग्राउंड रिपोर्ट में यह सोची समझी साजिश मानी जा रही है।

एक पक्ष ने कर रखी थी तैयारी
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार करौली में दिल्ली जैसे दंगों के लिए एक पक्ष ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी। करौली शहर के हटवाड़ा बाजार के एक मकान में करीब 150 असामाजिक तत्व एकत्रित थे।

हटवाड़ा बाजार में छतों से पथराव
नव संवत्सर पर हिंदू संगठनों की ओर से निकाली जा रही बाइक रैली जैसे ही करौली शहर के हटवाड़ा बाजार पहुंची तो छतों से पथराव शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। मकानों व दुकानों के आग लगा दी गई।

शांति समिति की बैठक खानापूर्ति
हैरानी की बात तो यह है कि हर साल नव संवत्सर पर जुलूस निकलने के एक दिन पहले जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक होती थी, जिसमें एसपी, कलेक्टर और सभी समुदाय के लोग शामिल होते थे। इस बार कलेक्टर-एसपी ने यह बैठक बुलाई ही नहीं। खानापूर्ति के लिए एसएचओ ने थाने में बैठक बुलाई थी। उसमें उपद्रवी भी शामिल हुए थे।

पार्षद पति के खिलाफ भी एफआईआर
बता दें करौली कोतवाली पुलिस ने दंगा भड़काने के आरोप में 35 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पार्षद मतलूब के खिलाफ पत्थरबाजी, जयपुर ग्रेटर निगम पार्षद सौम्या गुर्जर के पति व नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन, राजाराम गुर्जर, हिंदू सेना के जिलाध्यक्ष साहिबसिंह गुर्जर के खिलाफ आगजनी के आरोप हैं। तीनों फरार हैं।

राहत पैकेज जारी करेगी सरकार
एसीएम होम अभय कुमार ने बताया कि रैलियों संबंधी गाइडलाइन की पालना हुई या नहीं। इस पर प्रशासन ने रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के मुताबिक 13 मकान आगजनी की चपेट में आए हैं। रिपोर्ट मिलते ही सरकार राहत पैकेज जारी करेगी।












Click it and Unblock the Notifications