झुंझुनूं के नामी स्कूल में बच्चों से कुकर्म, शिक्षक ने एक साल में 12 बच्चों को बनाया हवस का शिकार
झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के डिफेंस सेवा से जुड़े एक स्कूल से सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल के एक शिक्षक पर विद्यार्थियों से कुकर्म करने के आरोप लगे हैं। प्राचार्य की रिपोर्ट पर झुंझुनूं सदर थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक रवींद्र सिंह शेखावत को गिरफ्तार कर लिया है।

झुंझुनूं सदर थाना पुलिस के अनुसार उदयपुरवाटी मार्ग पर गांव दोरासर में स्कूल के शिक्षक रवींद्र सिंह शेखावत पर आरोप है कि वह यहां पढ़ने वाले बच्चों के साथ एक वर्ष से कुकर्म कर रहा था। फिलहाल शिक्षक का शिकार हुए 12 बच्चों का पता चला है। पुलिस जांच में और भी बच्चे सामने आ सकते हैं।
आरोप है कि शिक्षक रवींद्र सिंह शेखावत बच्चों को इस कदर भयभीत करके रखता था कि सालभर से किसी ने उसकी शिकायत नहीं की। हाल ही दो बच्चों ने इस संबंध में प्राचार्य को बताया तो मामला उजागर हुआ और 12 बच्चों ने शिक्षक पर कुकर्म के आरोप लगाए। पीड़ित बच्चों की उम्र 12 से 14 वर्ष के आस-पास है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट की भी धारा लगाई गई है। पुलिस ने छह बच्चों के 164 में कोर्ट में बयान करवाए हैं।
आरोपी की पत्नी भी टीचर
आरोपी शिक्षक रवींद्र सिंह शेखावत बीकानेर का रहने वाला है। आरोपी की पत्नी भी शिक्षक है। मामले की जांच एससी एसटी सेल के उप अधीक्षक ज्ञान सिंह को सौंपी गई है। इन्होंने बताया कि आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उम्रकैद का भी प्रावधान
इस संबंध में राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय महला के अनुसार बच्चों के साथ यह गलत कार्य हुआ है। इसमें अलग-अलग धाराओं में बीस वर्ष की सजा हो सकती है। इसके अलावा इसमें उम्र कैद की भी सजा का प्रावधान है।












Click it and Unblock the Notifications