Jhunjhunu Loot : ससुराल वालों ने दहेज में मांगी कार तो बहू ने प्लानिंग करके लुटवा दिया खुद का घर
झुंझुनूं. राजस्थान के झुंझुनूं जिला मुख्यालय की हमीरी रोड स्थित राइका कॉलोनी में पिछले दिनों हुई लूट के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लूट का पूरा षड़यंत्र इस घर की बहू ने ही रचा था। उसने अपने रिश्तेदार के साथ प्लानिंग कर खुद ही अपना घर लुटवा दिया।

मामा के साथ मिलकर बनाई प्लानिंग
झुंझुनूं पुलिस की जांच में सामने आया कि बहू बबीता राजपूत ने अपने रिश्ते के मामा से घर में चोरी करवाई। इसकी वजह बबीता ने यह बताई कि ससुराल वाले उसके परिवार से दहेज में गाड़ी की मांग कर रहे थे। इसलिए उसने वारदात को अंजाम दिलवाया ताकि उसी पैसों से ससुराल वालों को गाड़ी दे सके।

झुंझुनूं में 12 जून को हुई थी लूट
झुंझुनूं एसपी जगदीशचंद्र शर्मा ने बताया कि 12 जून 2020 की रात दो बजे झुंझुनूं की राइका कालोनी में सुमित्रा शेखावत के मकान में चार हथियारों से लैस चार नकाबपोश लुटेरे घुसे। उन्होंने घर में मौजूद मकान मालिकन सुमित्रा शेखावत, पुत्रवधू बबीता व सुमित्रा की बेटी डिंपल व दोहिते को बंधक बनाकर स्टोर रूम में बंद कर दिया था। इसके बाद वे घर से लाखों रुपए के जेवरात व 40 हजार रुपए नकदी लूट ले गए।

आरोपी हरियाणा से पकड़े गए
झुंझुनूं पुलिस जांच में भिवानी के खरक कलां निवासी मुकेश राजपूत व दीपक राजपूत और रोहतक के कलानौर निवासी नकुल जाट पर शक हुआ। झुंझुनूं पुलिस ने तीनों आरोपियों को 25 जून को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पूरे मामले में किसी परिचत के मिले होने की आशंका थी। फिर मुकेश और बबीता के बीच वाट्सएप पर हुई चैटिंग की बात सामने आने पर शक और पुख्ता हो गया।

लूट का सामान बरामद
पुलिस पूछताछ में पहले तो मुकेश पुलिस को गुमराह करता रहा, मगर फिर सख्ती बरतने पर उसने सच उगल दिया। उसने पुलिस को बताया कि वारदात को बबीता राजपूत की मदद से अंजाम दिया गया था। जब वे घर घुसे थे तो छत का दरवाजा भी खुला मिला था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।

ननद के आने का किया इंतजार
पुलिस जांच में बबीता ने बताया कि ससुराल वाले उसके परिवार से दहेज में कार की मांग कर रहे थे। ऐसे में उसने रिश्ते में मामा लगने वाले मुकेश के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग बनाई। यह प्लानिंग फरवरी 2020 से बनाई जा रही थी, मगर बबीता अपनी ननद डिंपल के घर पर रहने के लिए आने का इंतजार कर रही थी ताकि उससे भी जेवरात चुराए जा सकें।












Click it and Unblock the Notifications