Jhalawar: निजी अस्पताल में सबके सामने प्रेमी-प्रेमिका की हत्या करने वाले पकड़े गए, धर्मशाला में सोते मिले
आरोपियों ने राजस्थान के झालावाड़ जिले के भवानीमंडी के एक निजी अस्पताल में प्रेमी जोड़े की चाकू से वार करके हत्या कर दी थी।
राजस्थान के झालावाड़ जिले के भवानी मंडी के निजी अस्पताल में सबके सामने एक व्यक्ति व उसकी महिला मित्र की हत्या करके फरार हुए आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रावतभाटा के धर्मशाला में जाकर सो गए थे।
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के अनुसार भवानी मंडी के निजी अस्पताल में गुरुवार को दिनदहाड़े जीतेन्द्र उर्फ जीतू और उसकी महिला मित्र अनिता कंवर की हत्या के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों में जुटी थी। पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी रावतभाटा की तरफ गए हैं।

झालावाड़ के भवानी मंडी के निजी अस्पताल में प्रेमी प्रेमिका की हत्या के मुख्य आरोपी भैंरूलाल गुर्जर के मोबाइल की लोकेशन चालू थी। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश में रावतभाटा के कई होटलों और धर्मशालाओं में दबिश दी। धर्मशाला के एक कमरे में आरोपी भैंरूलाल गुर्जर, करण गुर्जर व दिनेश भील सोए हुए मिले। जबकि चौथे आरोपी शाहनूर उर्फ नूरा खान को रामगंजमंडी से पकड़ा है।
झालावाड़ पुलिस जांच में पता चला कि झालवाड़ जिले के सुनेल थाना क्षेत्र के मालपुरा गांव निवासी जितेन्द्र उर्फ जीतू अपनी महिला मित्र अनिता कंवर उर्फ अन्नू के साथ भैसोदामंडी में लिव इन रिलेशन में रहता था। गुरुवार सुबह अनिता और जितेंद्र भवानीमंडी के निजी अस्पताल आए थे।
इसी दौरान आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। जीतू के पेट और कूल्हे पर गंभीर चोट आई। अनिता के गले पर चाकू से कट लगा। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आस-पास के लोगों ने उनको सरकारी अस्पताल में पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने अनिता को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार देकर जितेन्द्र को झालावाड़ जिला अस्पताल में रैफर किया। झालावाड़ में जितेद्र की भी मौत हो गई। हत्या की वजह का पता आरोपियों से पूछताछ में चल सकेगा। पोस्टमार्टम के बाद अनिता का शव उसके पति को सौंपा गया।
यह भी पढ़ें - Rajasthan: लॉरेंस बिश्नोई की गैंग ज्वाइन करना चाहता था मोनू मानेसर, मोबाइल ने खोले राज












Click it and Unblock the Notifications