Jaipur News: जयपुर के सुशीलपुरा में नलों से आ रहे गटर के पानी पर बवाल, सैकड़ों लोग पड़े बीमार
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सबसे वीआईपी इलाकों में गिने जाने वाले सिविल लाइंस क्षेत्र से प्रशासनिक लापरवाही की एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। यहां सुशीलपुरा इलाके में लोगों को पिछले एक सप्ताह से सीवरेज मिला दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे सैकड़ों लोग बीमार हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में जहां एक ओर मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के आलीशान सरकारी आवास हैं, वहीं दूसरी ओर पास के सुशीलपुरा वार्ड-45 में हालात बेहद खराब हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी में बदबू इतनी ज्यादा है कि उसे पीना तो दूर, उससे कपड़े धोना भी मुश्किल हो गया है।

Jaipur News: एक हफ्ते से आ रहा गंदा पानी
स्थानीय महिला बिना खंडेलवाल ने बताया कि एक हफ्ते से गंदा पानी आ रहा है, जिसमें कीचड़ जैसी बदबू है। घरों में आरओ सिस्टम होने के बावजूद पानी की बदबू खत्म नहीं हो रही। दूषित पानी पीने के कारण लोगों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ी हैं। इस बीमारी का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिल रहा है।
Sushilpura के कई लोग पड़े बीमार
कॉलोनी के डिस्पेंसरी में इलाज कराने पहुंचे लोगों ने बताया कि पिछले 5 दिनों से उनकी तबीयत खराब है। डॉक्टरों के अनुसार, ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पिछले एक सप्ताह में करीब 450 से अधिक मरीज अस्पताल पहुंचे हैं। हालांकि अब धीरे-धीरे मरीजों की संख्या में कमी आने लगी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार इलाके में सर्वे कर रही हैं और लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है। आशा कार्यकर्ताओं के मुताबिक करीब 30 टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें स्वास्थ्य केंद्र भेजा जा रहा है।
इस पूरे मामले की जांच में सामने आया है कि करीब एक सप्ताह पहले सड़क निर्माण के दौरान सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे गंदा पानी पाइपलाइन में मिल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता के कारण यह स्थिति पैदा हुई है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications