राजस्थान: ख्वाजा साहब की दरगाह के पास जमीनी विवाद को लेकर चली गोली, एक मासूम जख्मी
अजमेर। राजस्थान के अजमेर स्थित ख्वाजा साहब की दरगाह के मुख्य द्वार के सामने स्थित प्रॉपर्टी को लेकर हुए विवाद में मंगलवार रात फायरिंग हो गई। इससे ईलाके में सनसनी फैल गई। फायरिंग में एक 15 वर्षीय बालक को गोली लगी और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है फायरिंग करने वाला भी रिश्तेदार ही है। दरगाह थानाधिकारी कैलाश बिश्नोई ने बताया कि दरगाह के मुख्य गेट के सामने स्थित दुकान को लेकर विवाद चल रहा था।

इसको लेकर मंगलवार को खादिम फिजालुल हसन के बेटे नदीम ने खादिम खालिद के बेटे फरदीन पर फायर कर दिया। इससे फरदीन लहुलुहान हो गया और नदीम मौके से भाग निकला। गोली की आवाज से क्षेत्र में भी सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से परिजनों ने तुरंत घायल फरदीन को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया जहां उसे ईलाज दिया गया। फरदीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। थानाधिकारी बिश्नोई ने कहा कि अवैध हथियार से ही नदीम ने फायर किया था। आरोपी की तलाश में टीमें जगह-जगह दबिश दे रही है। घायल के परिजनों की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि घायल फरदीन और आरोपी नदीम दोनों रिश्तेदार ही हैं। दुकान और मकान बेचने के लिए एक पक्ष ने एग्रीमेंट कर दिया था लेकिन घर की बेटियों को हिस्सा नहीं देने को लेकर मामले ने तूल पकड़ लिया था और आज नदीम ने फायरिंग कर डाली। गोली लगने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में खादिम भी जवाहर लाल नेहरू अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में तनाव के हालात हो गए। भारी संख्या में पुलिस जाप्ता व पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर मामला शांत करवाया साथ ही जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आश्वासन दिया तब जाकर खादिम शांत हुए।
ये भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश: एक ही दल के 6 पर्वतारोही हुए लापता, प्रशासन ने तेज किया सर्च अभियान












Click it and Unblock the Notifications