राजस्थान: बौंली में अम्बेडकर जयंती से पहले विवाद, विधायक इंदिरा मीणा ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर बौंली कस्बे में तनाव का माहौल बन गया जब एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा और भाजपा मंडल अध्यक्ष के बीच तीखी झड़प हो गई। इस विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है, जिसमें इंदिरा मीणा ने भाजपा, प्रशासन और मीडिया पर पक्षपातपूर्ण रवैये के गंभीर आरोप लगाए हैं।
विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इंदिरा मीणा भाजपा नेता के साथ बहस करती नजर आ रही हैं। विधायक का कहना है कि वह व्यक्ति न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था, बल्कि नशे में था और ठेकेदारों से अवैध वसूली में भी शामिल है।

इंदिरा मीणा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा, "मैं उसे कार से उतार रही थी ताकि लोग उसकी सच्चाई देख सकें, लेकिन भाजपा और कुछ मीडिया चैनल इस घटना को तोड़-मरोड़कर मेरी छवि खराब कर रहे हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अम्बेडकर जी की पट्टिका तोड़ी गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई की बजाय उन्हें ही निशाने पर लिया। विधायक का यह भी कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी बात तक नहीं सुनी और मौके पर कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद नहीं था।
इंदिरा मीणा ने दावा किया कि यह सब एक सुनियोजित साजिश के तहत किया गया ताकि अम्बेडकर जयंती को बाधित किया जा सके। उन्होंने कहा, "कुछ पुलिसकर्मी सच बोलना चाहते थे, लेकिन उन्हें धमकाकर चुप करा दिया गया। यह सब बौंली जैसे शांत इलाके में तनाव फैलाने की कोशिश है।"
घटना को लेकर अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में यह मुद्दा गरमा गया है।












Click it and Unblock the Notifications