Vande Mataram Bill: क्या है वंदे मातरम् बिल, जिसे संसद में लाने जारी है मोदी सरकार, क्यों भड़का है विपक्ष?
Vande Mataram Bill: संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई से होने जा रही है और पहले ही दिन सरकार एक अहम विधेयक पेश करने की तैयारी में है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में Prevention of Insults to National Honour (Amendment) Bill, 2026 पेश करेंगे।
इस बिल का मकसद राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' को कानूनी तौर पर वही सम्मान देना है, जो अभी राष्ट्रगान 'जन गण मन' को मिला हुआ है। अगर यह बिल संसद से पास हो जाता है तो वंदे मातरम् का अपमान करना या उसके गायन में जानबूझकर बाधा डालना दंडनीय अपराध बन जाएगा। हालांकि विपक्ष ने इसे लेकर सरकार पर सवाल भी खड़े किए हैं।

क्या है वंदे मातरम् से जुड़ा नया बिल?
सरकार Prevention of Insults to National Honour (Amendment) Bill, 2026 के जरिए राष्ट्रीय सम्मान कानून में बदलाव करना चाहती है। प्रस्तावित संशोधन के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर वंदे मातरम् के गायन में बाधा डालता है या कार्यक्रम में अशांति फैलाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। दोषी पाए जाने पर तीन साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा का प्रावधान रखा गया है।
ये भी पढे़ं: Women Reservation Bill पर NDA की राह हुई आसान? शरद पवार की NCP और DMK के सॉफ्ट स्टैंड से INDIA गठबंधन में हलचल
वंदे मातरम् को मिलेगा राष्ट्रगान जैसा सम्मान
बिल में वंदे मातरम् को राष्ट्रगान 'जन गण मन' की तरह कानूनी सुरक्षा देने का प्रस्ताव है। साथ ही सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में इसके अनिवार्य गायन का भी प्रावधान रखा गया है। बिल पास होने के बाद राष्ट्रीय गीत का अपमान राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान और संविधान के अपमान की तरह दंडनीय माना जाएगा। यानी राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े कानून के दायरे में वंदे मातरम् भी शामिल हो जाएगा।
सरकार यह बिल अभी क्यों लेकर आई?
सरकार का कहना है कि इस साल वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर पूरे साल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह विधेयक लाया गया है। इससे पहले फरवरी में गृह मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया था कि सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रगान से पहले वंदे मातरम् गाया जाए। सरकार का दावा है कि राष्ट्रगीत को उसका उचित सम्मान दिलाना इस बिल का उद्देश्य है।
ये भी पढ़ें: Monsoon Session में नहीं पेश होगा वन नेशन वन इलेक्शन बिल! सरकार को करना होगा इंतजार, JPC कब सौंपेंगी रिपोर्ट?
छह अंतरों पर विवाद क्यों है?
बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने 1875 में 'वंदे मातरम्' की रचना की थी, जिसे बाद में 1882 में प्रकाशित उपन्यास आनंदमठ में शामिल किया गया। इस गीत में कुल छह अंतरे हैं। शुरुआती दो अंतरे मातृभूमि की प्राकृतिक सुंदरता और महिमा का वर्णन करते हैं, जबकि बाद के अंतरों में भारत माता की तुलना दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती जैसी हिंदू देवियों से की गई है। इन्हीं धार्मिक संदर्भों पर मुस्लिम समुदाय के कुछ वर्गों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद 1937 में जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस ने निर्णय लिया कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में केवल पहले दो अंतरे ही गाए जाएंगे, ताकि सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान बना रहे।
बीजेपी और विपक्ष आमने-सामने
बीजेपी का आरोप है कि पहले की सरकारों ने मुस्लिम संगठनों की आपत्तियों के कारण वंदे मातरम् को उसका उचित सम्मान नहीं दिया। वहीं कांग्रेस ने इस प्रस्तावित कानून को संविधान की भावना के खिलाफ बताया है। समाजवादी पार्टी का कहना है कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है, जबकि आरजेडी ने इसे सरकार की गलत प्राथमिकताओं का उदाहरण बताया है।
मॉनसून सत्र से पहले भी दिखा सियासी टकराव
सत्र शुरू होने से एक दिन पहले हुई सर्वदलीय बैठक में भी माहौल गर्म रहा। राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में करीब 40 दल शामिल हुए, लेकिन विपक्ष ने सांकेतिक वॉकआउट किया। विपक्ष का आरोप था कि टीएमसी के बागी सांसदों के गुट को बैठक में बुलाया गया, जबकि उन्हें अभी तक आधिकारिक मान्यता नहीं मिली है। वहीं सरकार ने सभी दलों से सदन सुचारु रूप से चलाने की अपील की।


Click it and Unblock the Notifications
