'2 घंटे में बदल दिया रिजल्ट', पेपर लीक बवाल के बीच NTA पर लगा नया आरोप, कानपुर की आर्या ने खोल दी पोल!
NEET UG Re-Exam का रिजल्ट जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश के कानपुर की एक छात्रा का दावा सोशल मीडिया पर चर्चा में है। आर्या सिंह का आरोप है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से जारी की गई OMR शीट और फाइनल रिजल्ट में गंभीर गड़बड़ी हुई है, जिससे उनके अंक अचानक काफी कम हो गए।
आर्या का कहना है कि पहले उनकी OMR शीट में प्रश्नों का क्रम गलत था, जिसे शिकायत के बाद ठीक किया गया और तब उनके 609 अंक बन रहे थे। लेकिन रिजल्ट वाले दिन कुछ ही घंटों के भीतर अलग-अलग स्कोर दिखाई दिए और आखिर में उनका स्कोर 167 हो गया। अब आर्या ने पूरे मामले की शिकायत केंद्रीय शिक्षा मंत्री और NTA को भेजी है।

आर्या सिंह के अनुसार, 13 तारीख की रात जब NTA ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर OMR शीट अपलोड की, तब उन्होंने अपनी शीट डाउनलोड कर जांच की। इसी दौरान उन्हें पता चला कि प्रश्नों का क्रम सही नहीं था। उन्होंने खुद सभी सवालों का मिलान किया तो उनके अनुसार कुल 609 अंक बन रहे थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत NTA के चैलेंज पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पूरी जानकारी शेयर की। आर्या का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद NTA ने वेबसाइट पर अपडेटेड OMR शीट जारी की। इस नई शीट में प्रश्नों का क्रम सही कर दिया गया था। आर्या के मुताबिक, संशोधित OMR में भी उनके 609 अंक ही बन रहे थे, जिससे उन्हें भरोसा हो गया कि अब रिजल्ट सही आएगा।
ये भी पढ़ें: रिक्शा चलाने वाले के पोते ने NEET में पाई सफलता, आदित्य बनेंगे गांव के पहले डॉक्टर!
दो घंटे में दो अलग-अलग स्कोर दिखने का दावा
आर्या ने आरोप लगाया कि असली परेशानी रिजल्ट जारी होने के दिन हुई। उनके मुताबिक, NTA की वेबसाइट पर कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें अलग-अलग स्कोर दिखाई दिए। उन्होंने दावा किया कि पहले एक स्कोरकार्ड में 540 अंक दिखे और इसके करीब दो घंटे बाद वही स्कोर घटकर सिर्फ 167 रह गया। छात्रा का सवाल है कि जब OMR के आधार पर उनके 609 अंक बन रहे थे, तो अंतिम परिणाम में इतना बड़ा अंतर कैसे आ गया। आर्या के अनुसार, फिलहाल NTA की वेबसाइट पर उनका स्कोर 167 अंक दिख रहा है। इसी आधार पर उनकी ऑल इंडिया रैंक 12,52,036 और कैटेगरी रैंक 3,67,585 दर्ज की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आर्या सिंह का यह NEET परीक्षा का दूसरा प्रयास था। इससे पहले उन्होंने 2025 में भी परीक्षा दी थी। आर्या का दावा है कि उस समय भी उन्हें रिजल्ट से जुड़ी कुछ गड़बड़ियों का संदेह हुआ था। आर्या ने बताया कि उन्होंने OMR शीट, अलग-अलग स्कोरकार्ड के स्क्रीनशॉट और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री और NTA के वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।
आर्या सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स NTA की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले में छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों पर NTA की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: सहरसा के एक ही घर से निकलेंगे 3 डॉक्टर! किराना दुकानदार के बच्चों ने NEET UG 2026 में रचा इतिहास












Click it and Unblock the Notifications