राजस्थान के हनुमानगढ़ में मिग-21 क्रैश, पायलट सुरक्षित, मलबे में दबकर 3 लोगों की मौत
MiG-21 crashes in Rajasthan: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में सोमवार सुबह एक मिग-21 विमान क्रैश हो गया। हालांकि पायलट ने सुरक्षित इजेक्ट कर लिया था।

राजस्थान में सोमवार को एक बड़ा हवाई हादसा हुआ, जहां हनुमानगढ़ जिले में भारतीय वायुसेना का मिग-21 विमान क्रैश हो गया। उसमें सवार पायलट ने सुरक्षित इजेक्ट कर लिया था, लेकिन विमान के मलबे की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। वहीं वायुसेना के अधिकारी भी हेलीकॉप्टर के जरिए उस इलाके में पहुंचे। फिलहाल पायलट को अस्पताल ले जाया गया है, जहां पर उनकी पूरी जांच की जाएगी।
मामले में हनुमानगढ़ की कलेक्टर रुक्मणि ने कहा कि घटना में 3 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने वायुसेना के अधिकारियों और गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी दे दी है। उनकी ओर से जांच की जा रही। वहीं घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है, उनको जरूरी इलाज मुहैया करवाया जा रहा है।
#WATCH | Indian Air Force MiG-21 fighter aircraft crashed near Hanumangarh in Rajasthan. The aircraft had taken off from Suratgarh. The pilot is safe. More details awaited: IAF Sources pic.twitter.com/0WOwoU5ASi
— ANI (@ANI) May 8, 2023
जानकारी के मुताबिक विमान ने सूरतगढ़ से उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद उसका संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया। इसके बाद जेट बहलोल नगर इलाके में स्थित एक घर में जा गिरा।
वायुसेना ने क्या कहा?
मामले में आधिकारिक बयान जारी करते हुए वायुसेना ने कहा कि मिग-21 नियमित उड़ान पर था। सोमवार सुबह वो सूरतगढ़ के पास हादसे का शिकार हो गया। हादसे की कारणों का पता लगाने के लिए जांच समिति का गठन किया गया है।
बाड़मेर भी हुआ था हादसा
आपको बता दें कि इससे पहले 28 जुलाई 2022 को राजस्थान के बाड़मेर जिले में मिग-21 बायसन क्रैश हुआ था। जिसमें सवार दोनों पायलट शहीद हो गए थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि आधा किलोमीटर तक विमान का मलबा बिखरा था।
कहते हैं 'उड़ता हुआ ताबूत'
MiG-21 को 'उड़ता हुआ ताबूत' कहते हैं, क्योंकि बेड़े के आधे से ज्यादा विमान हादसे का शिकार हो गए। वायुसेना इसे पूरी तरह से हटाने की योजना पर काम कर रही, जिसके तहत पिछले साल एक स्क्वाड्रन को हटाया गया था। 2025 तक चरणबद्ध तरीके से इसे पूरी तरह से बाहर कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications