15 अगस्त से पहले बड़ी साजिश नाकाम, दिल्ली व ग्वालियर में ब्लास्ट की तैयारी कर रहे 6 लड़के पकड़े गए
स्वतंत्रता दिवस 2025 से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने भारत में बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया है। जयपुर पुलिस मुख्यालय की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने दिल्ली और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बम ब्लास्ट की योजना बना रहे छह लोगों को पकड़ा है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं। यह कार्रवाई जयपुर और टोंक जिले के निवाई से की गई है।
राजस्थान पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी हाल ही में 7 जुलाई 2025 को पंजाब के नवांशहर में शराब दुकान के बाहर ग्रेनेड धमाका करने के मामले में वांटेड थे। धमाके के बाद सभी राजस्थान आ गए थे। यह सभी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं, जिनका हैंडलर जीशान अख्तर फिलहाल कनाडा में रह रहा है। सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि पंजाब के नवांशहर में शराब की दुकान के बाहर धमाके में इस्तेमाल ग्रेनेड पाकिस्तान से मंगवाया गया था।

पंजाब पुलिस की सूचना पर दबिश
पंजाब पुलिस की जानकारी के आधार पर राजस्थान पुलिस निरीक्षक रामसिंह के नेतृत्व में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में हनुमानगढ़ के नौरंगदेसर निवासी संजय नायक, पंजाब के कपूरथला स्थित आलमगीर निवासी सोनू उर्फ काली चीर, और जयपुर के महला निवासी रितिक शामिल हैं। इनके अलावा उत्तर प्रदेश, निवाई (राजस्थान) और पंजाब के तीन नाबालिग भी पकड़े गए हैं। इनमें से एक यूपी निवासी नाबालिग ने ही पंजाब में ग्रेनेड धमाका किया था।
जीशान अख्तर के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन
राजस्थान पुलिस एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि जीशान अख्तर, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, मनु अगवान और गोपी नवाशहरिया से जुड़ा हुआ है। यही गिरोह देशभर से नाबालिगों को सोशल मीडिया और ऑनलाइन ऐप्स के जरिए पैसों का लालच देकर अपने साथ जोड़ता है। एडीजी ने खुलासा किया कि जीशान अख्तर ने मुंबई में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जिम्मेदारी भी ली थी। पंजाब में शराब कारोबारी से रंगदारी नहीं मिलने पर इसी गैंग ने धमाका कर दहशत फैलाई थी।
15 अगस्त पर बढ़ी चौकसी
दिल्ली, ग्वालियर सहित देश के कई बड़े शहरों में स्वतंत्रता दिवस 2025 पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, ड्रोन सर्विलांस और रैंडम चेकिंग बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि राष्ट्रीय पर्व पर किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को अंजाम न दिया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications